Kiran Juneja | बुनियाद से महाभारत तक, कई दमदार किरदार निभा चुकी Actress की कहानी | Biography
Kiran Juneja. एक वक्त पर ये भारतीय टीवी जगत का नामी चेहरा हुआ करती थी। यानि दूरदर्शन के ज़माने में। शुरुआत से ही कला के प्रति किरन जुनेजा का रुझान बहुत ज़्यादा था। ये बढ़िया चित्रकारी करती थी। नाटकों में हिस्सा लिया करती थी। और खेलकूद में भी आगे रहती थी।
कॉलेज के दिनों में तो अभिनय में तो इनका मन कुछ ऐसा लगा कि खुद को पूरी तरह से नाटकों के लिए समर्पित कर दिया। अभिनय के अलावा नाट्य निर्देशन भी इन्होंने खूब किया। चित्रकला भी साथ ही जारी रही। और नाटकों व चित्रकला में इन्होंने खूब पुरस्कार जीते।
![]() |
Actress Kiran Juneja Biography - Photo: Social Media |
10 फरवरी 1964 को उत्तराखंड के अल्मोड़ा ज़िले के कपकोट गांव में Kiran Juneja का जन्म हुआ था। मगर Kiran Juneja जब महज़ 16 दिनों की थी तब इनके पिता दिल्ली के पंजाबी बाग इलाके में आकर बस गई थी।
इनके पिता गुरमुख जुनेजा पेशे से डॉक्टर थे। बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए ही वो अपनी पत्नी और बेटा-बेटी को साथ लेकर उत्तराखंड से दिल्ली आ गए थे। किरण और उनके बड़े भाई की पढ़ाई-लिखाई और परवरिश दिल्ली में हुई थी।
80 के दशक में जब ये कॉलेज स्टूडेंट थी, तब ही इन्होंने मॉडलिंग शुरू कर दी थी। और देखते ही देखते ये भारत की नामी मॉडल बन गई। कई बड़े ब्रांड्स के लिए इन्होंने विज्ञापन किए। साल 1984 में शाहीन नाम की एक फिल्म से किरन जुनेजा का फिल्मी करियर भी शुरू हो गया।
साथ ही कुछ टीवी शोज़ में भी इन्होंने अहम किरदार निभाए। जैसे पेइंग गेस्ट और वाह जनाब। फिर तो टीवी की दुनिया में ये इतनी मशहूर हुई कि इनके खाते में दूरदर्शन के कई नामी शोज़ आए। जैसे ये जो है ज़िंदगी, किस्मत, स्वाभिमान, जुनून, सुराग व और भी कुछ।
लेकिन जिस शो में Kiran Juneja की एक्टिंग की तारीफ लोगों ने सबसे ज़्यादा की, वो था Buniyad. बुनियाद में Kiran Juneja हवेलीराम की बहन Veeravali बनी थी। वीरावली का इनका वो किरदार इनता मशहूर हुआ कि उस वक्त कई नौजवान लड़के इनसे शादी करने के ख्वाब भी देखने लगे थे।
एक दफा तो दिल्ली के इनके घर पर एक मां-बेटा पहुंच गए। उस लड़के की मां ने किरन जी की मां से कहा कि मेरा बेटा वीरावली से शादी करना चाहता है। आप इसकी शादी वीरावली से करा दीजिए। हम लोग अच्छे घर के लोग हैं। रुपए-पैसे से भी मजबूत हैं।
तब इनकी मां ने उन मां-बेटों को बड़ी मुश्किल से समझाया कि जो स्क्रीन पर आपने वीरावली को देखा है वो असल ज़िंदगी में वैसी बिल्कुल भी नहीं है। वो उसके ठीक उलट है। और फिलहाल वो शादी करने वाली भी नहीं है।
बुनियाद के अलावा बी.आर.चोपड़ा की महाभारत में इनका निभाया गंगा का किरदार भी यादगार बन गया था। जिस वक्त बी.आर.चोपड़ा ने पहली दफा महाभारत के लिए किरन जुनेजा से बात की थी तब वो इन्हें गांधारी के रोल में कास्ट करना चाहते थे।
पर चूंकि उन्हीं दिनों ये बुनियाद की भी शूटिंग रही थी। तो इन्होंने चोपड़ा साहब से कहा कि गांधारी का रोल तो बहुत लंबा है। मेरे लिए इसे करना मुश्किल है। क्योंकि बुनियाद की शूटिंग में मेरा काफी वक्त लग जाता है।
फिर लगभग 15 दिन बाद बी.आर.चोपड़ा ने किरण जुनेजा को दोबारा फोन किया और कहा,"तुम्हारे लिए मैंने एक ऐसा रोल ढूंढा है जो तुम आराम से कर लोगी। और लोग भी तुम्हें सालों तक याद रखेंगे। वो रोल है गंगा का रोल। तुम्हें बहुत ज़्यादा शूटिंग इसके लिए नहीं करनी पड़ेगी।" बी.आर.चोपड़ा का वो ऑफर किरन जुनेजा को पसंद आया। और इस तरह ये बनी महाभारत में गंगा मईया।
साल 1986 में आई 'एक मिसाल' नाम की फिल्म में ये लीड भूमिका में थी। उस फिल्म में इनका किरदार बड़ा मजबूत था। और इन्होंने वो किरदार अच्छी तरह निभाया भी। पर चूंकि उस फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर कोई सफलता नहीं मिल पाई थी तो इसके बाद किरन जुनेजा कभी दोबारा फिल्मों में मुख्य हीरोइन नहीं बन सकी। इसके बाद इन्होंने फिल्मों में सपोर्टिंग कैरेक्टर्स निभाने शुरू कर दिए।
मुल्ज़िम, अम्बा, अकेला, सरफिरा, ज़माना दीवाना, व और भी कुछ। फिर साल 1995 में इन्होंने फिल्मों से ब्रेक ले लिया। कुछ टीवी शोज़ में ये काम करती रही। लेकिन वो भी काफी कम। और जब साल 2005 में इन्होंने बंटी और बबली फिल्म से दोबारा फिल्मों में वापसी की तो ये मां की भूमिकाओं में नज़र आने लगी।
खोसला का घोसला, क्रिश, जब वी मेट, मैरीगोल्ड, फैशन, चांदनी चौक टू चाइना व और भी कई फिल्मों में इन्होंने मां के या फिर दूसरे सपोर्टिंग कैरेक्टर्स निभाए। एक्टिंग के अलावा किरन जुनेजा चित्रकारी भी खूब करती हैं। साथ ही दूरदर्शन के शो 'कोशिश से कामयाबी तक' में ये होस्ट की भूमिका में भी नज़र आती हैं।
किरण जुनेजा की निजी ज़िंदगी की बात करें तो इन्होंने नामी डायरेक्टर रमेश सिप्पी से शादी की है। किरण रमेश सिप्पी की दूसरी पत्नी हैं। रमेश सिप्पी से उनकी मुलाकात बुनियाद के दौरान हुई थी। कहते हैं कि जब किरण जुनेजा बुनियाद के लिए ऑडिशन देने आई थी तब ही रमेश सिप्पी उन फ़िदा हो गए थे।
जबकी रमेश सिप्पी शादीशुदा थे और उनके दो बच्चे भी थे। रमेश सिप्पी की तरफ़ किरण जुनेजा भी आकर्षित होने लगी। पहले दोनों के बीच दोस्ती हुई। और फ़िर दोनों एक-दूजे को चाहने लगे। जबकी किरण जुनेजा उम्र में रमेश सिप्पी से 23 साल छोटी हैं।
रमेश सिप्पी की पहली पत्नी गीता ने इनके रिश्ते पर आपत्ति उठाई थी। मगर रमेश सिप्पी ने उन्हें तलाक दे दिया। और साल 1986 में किरण जुनेजा से शादी कर ली।
ये भी पढ़ें: Mahesh Anand | 90s का वो Bollywood Villain जिसका अंत बहुत बुरा हुआ | Biography
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें