Indian Idol Amit Sana | इंडियन आयडल के पहले सीज़न के उप-विजेता अमित सना को भूले तो नहीं आप? अब इस हाल में रहते हैं | Biography
Indian Idol Amit Sana. साल 2004 के आखिरी महीनों में जब इंडियन आयडल का पहला सीज़न शुरू हुआ था तो किसी को अंदाज़ा भी नहीं था कि ये शो भारत की जनता को इतना ज़्यादा पसंद आने वाला है।
इंडियन आयडल के पहले सीज़न के विनर अभिजीत सावंत थे। और फर्स्ट रनर अप थे अमित सना जो कि छत्तीसगढ़ के भिलाई के रहने वाले हैं। अमित सना भले ही इंडियन आयडल की ट्रॉफी ना जीत पाए हों, लेकिन करोड़ों दिलों को उन्होंने ज़रूर जीता था।
Indian Idol Amit Sana - Photo: YouTube |
Meerut Manthan पर आज पेश है इंडियन आयडल के पहले सीज़न के फाइनल तक पहुंचने वाले अमित सना की कहानी। छोटे शहर के अमित सना इंडियन आयडल तक कैसे पहुंचे और इंडियन आयडल के बाद संगीत की दुनिया में अमित सना कितना नाम कर पाए, ये सारी कहानी आज हम और आप जानेंगे। Indian Idol Amit Sana.
अमित सना की शुरूआती ज़िंदगी
अमित सना का जन्म 1 मार्च 1983 को भिलाई शहर में हुआ था। उस वक्त छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश अलग नहीं हुए थे और भिलाई मध्य प्रदेश का एक बड़ा ही अहम शहर था।
अमित बचपन से ही गाने के बड़े शौकीन थे। उनके रिश्तेदार उनसे खूब गीत सुनते थे। अमित भी बड़े शौक से और बिना किसी झिझक के अपने रिश्तेदारों को गाना सुनाते थे।
अमित का पसंदीदा गीत हुआ करता था मेरे सपनों की रानी कब आएगी तू। और ज़्यादातर यही गीत अमित गाया करते थे। स्कूल में जब टीचर्स को पता चला कि अमित बढ़िया गाना गाते हैं तो उन्होंने भी अमित से खूब गाना सुना।
पिता ने अमित को दिलाई संगीत की शिक्षा
अमित के पिता श्याम सुंदर राव सना को उनके हुनर का अहसास तब हुआ जब अमित ने भिलाई स्टील प्लांट में गाना गाया। अमित के पिता वहीं नौकरी करते थे।
बेटे के हुनर को पहचानने के बाद उन्होंने बेटे को संगीत की शिक्षा दिलानी शुरू कर दी। अमित को एक भजन गुरू के पास भेजा गया और वहां अमित ने लगभग छह सालों तक भजन गायन सीखा।
बाद में अमित ने शास्त्रीय संगीत की भी प्रॉपर शिक्षा ली। लेकिन एक वक्त ऐसा भी आया जब पढ़ाई पर ध्यान लगाने की वजह से अमित ने गाना छोड़ दिया था।
इंडियन आयडल ने गायकी की तरफ अमित को वापस लौटाया
दरअसल, अमित पढ़ाई के लिए जमशेदपुर आ गए थे। अमित जमशेदपुर के एक कॉलेज से बीसीए कर रहे थे। पढ़ाई के चलते उन्हें गाने का टाइम ही नहीं मिल पा रहा था। हालांकि थोड़ा-बहुत समय मिलने पर वो टीवी पर अपना फेवरिट सिंगिंग शो सा रे गामा ज़रूर देखते थे।
लेकिन इसी दौरान जब उन्होंने टीवी पर इंडियन आयडल के प्रोमो देखे तो लंबे वक्त से सोया हुआ उनके भीतर का गायक आखिरकार जाग गया और उन्होंने फैसला कर लिया कि वो इंडियन आयडल के ऑडिशन में हिस्सा ज़रूर लेंगे। वहीं अमित के पिता ने भी उन्हें इंडियन आयडल के ऑडिशन में हिस्सा लेने की सलाह दी थी।
हारकर भी जीत गए अमित सना
अमित ने इंडियन आयडल के ऑडिशन में हिस्सा लिया और इनकी गायकी शो के पहले सीज़न के तीनों जजों, अनु मलिक, फराह खान और सोनू निगम को बेहद पसंद आई।
पहले एपिसोड से शुरू हुआ अमित सना का सफर इंडियन आयडल के आखिरी एपिसोड तक चला। वो शो के फाइनल में हार ज़रूर गए। लेकिन भारत की जनता के दिलों में उन्होंने अपने लिए जगह ज़रूर बना ली।
अमित को कुछ बढ़िया प्रोजेक्ट्स मिले। इंडियन आयडल के बाद सोनी म्यूज़िक के बैनर तले अमित का पहला गीत रिलीज़ हुआ जिसका टाइटल था चल दिए, जो कि वास्तव में तीन गीतों की एक एल्बम थी जिसका नाम चल दिए ही था। ये गीत युवाओं को बहुत पसंद आया था।
फिल्मों के लिए भी गाए गीत
अमित की दूसरी एल्बम थी यादें जिसमें छह गीत थे और इस एल्बम का यादें नाम का गीत काफी लोकप्रिय हुआ था। इसी दौरान अमित सना को कुछ फिल्मों में भी गाने का मौका मिला।
2005 में रिलीज़ हुई फिल्म कलयुग में अमित ने थी मेरी दास्तान नाम का गीत गाया था। इसके अलावा कुबूल कर ले, दिल्ली हाइट्स जैसी फिल्मों में भी अमित ने अपनी आवाज़ दी थी। 2006 में रिलीज़ हुई फिल्म सुन ज़रा में अमित ने सबसे अधिक तीन गाने गाए थे।
गुमनामी के अंधेरों में खो गए अमित
2008 में अमित ने स्टार प्लस पर आए एक और रिएलिटी शो जो जीता वो ही सुपर स्टार में भी हिस्सा लिया था। अमित को विदेश में भी कई दफा परफॉर्म करने का मौका मिला।
ऐसा लग रहा था जैसे संगीत जगत को इंडियन आयडल से एक और नया सितारा मिल गया है जिसका नाम है अमित सना। सब कुछ बढ़िया चल रहा था।
लेकिन धीरे-धीरे अमित सना को काम मिलना बंद हो गया और वो गुमनामियों के अंधेरों में खोने लगे। लोग भी अमित सना को भूलने लगे।
पत्नी से भी हो गया तलाक
इंडियन आयडल के पहले सीज़न को 15 साल से भी अधिक समय हो गया है। लेकिन अमित सना आज भी संघर्ष कर रहे हैं। और केवल प्रोफेशनल लाइफ में ही नहीं, पर्सनल लाइफ में भी अमित सना का जीवन संघर्षों से भरा रहा है।
कहा जाता है कि साल 2011 में अमित सना ने मनीषा बंसल नाम की एक लड़की से शादी कर ली थी। लेकिन 2018 में अमित और मनीषा तलाक लेकर अलग हो गए।
अब ऐसे रह रहे हैं अमित
अमित इन दिनों मुंबई में रहते हैं और कुछ लाइव शोज़ करके व वेडिंग्स में गाने गाकर अपना गुज़ारा कर रहे हैं। Meerut Manthan अमित सना के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता है कि ईश्वर अमित सना के संघर्ष का दौर अब खत्म करे और संगीत की दुनिया में उन्हें वो मुकाम दे जिसके वो असली हकदार हैं। जय हिंद।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें