Bobby Darling | अब कहां और किस हाल में है बॉबी डार्लिंग? | Biography

Bobby Darling. पिछले कई सालों से आपने इस नाम की चर्चा सुनी नहीं होगी। लेकिन इस नाम से आप वाकिफ ना हों, ऐसा बिल्कुल भी नहीं हो सकता। 

ये बॉलीवुड की वो पहली ट्रांसजेंडर एक्ट्रेस रही हैं जिन्होंने एक वक्त पे कई बड़े बजट्स की फिल्मों में काम किया और अपने काम से इन्होंने फिल्म इंडस्ट्री और सिने प्रेमियों को काफी प्रभावित भी किया। 

मगर पिछले कुछ सालों से बॉबी डार्लिंग फिल्म इंडस्ट्री से लापता हैं। उन्हें याद करने वाले लोगों के ज़ेहन में अक्सर ये सवाल उठता है कि बॉबी डार्लिंग गई तो गई कहां।

Bobby-Darling-Biography
Bobby Darling Biography - Photo: Social Media

Meerut Manthan आज आपको ना केवल Bobby Darling की ज़िंदगी की कहानी बताएगा। बल्कि ये भी बताएगा कि इन दिनों Bobby Darling कहां हैं और अब क्यों वो फिल्मों और फिल्म इंडस्ट्री से दूर हो चुकी हैं।

Bobby Darling का शुरुआती जीवन

10 जनवरी 1974 को दिल्ली में पैदा हुई बॉबी डार्लिंग को माता-पिता ने पंकज शर्मा नाम दिया था। जी हां। अपनी पैदाईश के वक्त ये एक लड़का थे। लेकिन जैसे-जैसे ये बड़े होते गए इन्हें अहसास होने लगा कि ये शरीर से तो एक लड़का हैं। 

लेकिन मन से इन्हें भगवान ने एक लड़की बनाया है। इनकी आदतें भी लड़कियों जैसी ही थी। लड़कों के साथ रहने कि बजाय इन्हें लड़कियों के साथ रहना और उनके साथ बातें करने में मज़ा आता था। 

जब पिता को बताई अपनी असलियत

ये टीनएज में ही थे जब इनकी मां का देहांत हो गया। मां की मौत के बाद ये काफी उदास रहने लगे। इन्हें समझ नहीं आ रहा था कि आखिर दुनिया को कैसे बताएं कि दुनिया इन्हें जो समझती है ये वो नहीं हैं। ऊपर से इनकी आदतें इनके पिता और रिश्तेदारों को काफी परेशान करती थी।

महीनों तक अंदर ही अंदर घुटने के बाद आखिरकार एक दिन इन्होंने अपने पिता को बता ही दिया कि ये शरीर से बेशक एक मर्द हैं। लेकिन मन से ये एक स्त्री हैं। 

उस दौर में कोई पिता अपनी संतान और खासतौर पर जिसे वो अपना बेटा समझता हो, उससे इस तरह की बात की उम्मीद भी नहीं कर सकता था। सो इनके पिता इन पर बुरी तरह भड़के और आखिरकार पिता ने इनसे नाता तोड़ते हुए इन्हें घर से निकाल दिया। 

बार डांसर का काम भी किया

पिता का घर छोड़ने के बाद बॉबी के सामने ज़िंदगी की सबसे बड़ी चुनौती खड़ी हो गई। जैसे-तैसे कुछ दोस्तों की मदद से बॉबी दिल्ली में फैशन इंडस्ट्री से जुड़ गई। 

यहां कई महीनों तक काम करने के बाद इन्होंने फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा बनने की उम्मीद में रुख किया सपनों के शहर मुंबई का।लेकिन मुंबई तो मुंबई ठहरी। हर किसी को आसानी से मुंबई में अपनी मंज़िल मिल जाए ऐसा कभी हुआ ही कब है। 

सो मुंबई ने बॉबी की अग्नि परीक्षा लेनी शुरू कर दी। सिर पर छत और पेट के लिए रोटी का इंतज़ाम करने के लिए बॉबी ने बार डांसर की तरह भी काम किया।

कई महीनों के बाद बॉबी का संघर्ष रंग लाना शुरू हुआ और एक दिन बॉबी को मुंबई फैशन इंडस्ट्री में एंट्री करने का मौका मिल गया। बस यहीं से बदलनी शुरू हो गई बॉबी की ज़िंदगी की कहानी।

इस तरह पंकज बने Bobby Darling

मुंबई फैशन इंडस्ट्री से जुड़ने के बाद कई फिल्मस्टार्स से बॉबी की दोस्ती हो गई। अब तक इन्होंने अपना नाम पंकज शर्मा से बदलकर बॉबी कर लिया था। रितिक रोशन भी बॉबी के बहुत अच्छे दोस्त बन गए थे। 

वो ही बॉबी को प्यार से बॉबी डार्लिंग कहा करते थे।फिल्मस्टार्स से दोस्ती हुई तो बॉबी ने फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा बनने का अपना सपना पूरा करने का प्रयास शुरू कर दिया। इत्तेफाक से इस वक्त तक बॉलीवुड भी ट्रांसजेंडर्स को स्वीकार करने वाले मोड में आ चुका था। 

बॉबी डार्लिंग की पहली फिल्म

बॉबी की मेहनत रंग लाई और साल 1999 में रिलीज़ हुई सुभाष घई की फिल्म ताल में इन्हें एक ड्रैस डिज़ाइनर का छोटा सा रोल मिला। 

ताल फिल्म के क्रेडिट्स में इनका नाम बॉबी डार्लिंग ही दिया गया था। ताल एक बड़ी हिट थी और फिल्म की सफलता ने बॉबी की तरफ भी लोगों का ध्यान आकर्षित कराया। 

बॉबी की प्रमुख फिल्में

2001 में आई सुपरहिट कॉमेडी फिल्म स्टाइल में बॉबी को दूसरी दफा काम करने का मौका मिला। और फिर इसके बाद तो बॉबी ने कभी भी पीछे मुड़कर नहीं देखा। कई बड़े बजट की फिल्मों में इन्होंने काम किया। 

ना तुम जानो ना हम, मैंने दिल तुझको दिया, जीना सिर्फ मेरे लिए, चलते-चलते, पेज थ्री, क्या कूल हैं हम, नवरस, टॉम डिक एंड हैरी, अपना सपना मनी मनी, ट्रैफिक सिग्नल, फिर तौबा तौबा, मनी है तो हनी है, विल यू मैरी मी, अपार्टमेंट, नॉटी गर्ल, दाल में कुछ काला है, शिरीन फराद की तो निकल पड़ी, सुपर मॉडल, हंसी तो फंसी और दी सटर्डे नाइट। आखिरी दफा ये दी सटर्डे नाइट नाम की फिल्म में ही नज़र आई थी। 

छोटे पर्दे पर भी खूब किया काम

केवल फिल्मों में ही नहीं, बॉबी ने कई सारे और नामी टीवी शोज़ में भी काम किया था। कहीं किसी रोज़, कसौटी ज़िंदगी की, क्यूंकि सार भी कभी बहू थी, इस प्यार को मैं क्या नाम दूं, ये है आशिकी, आहट और ससुराल सिमर का। 

ये वो कुछ टीवी शोज़ हैं जो बड़े और चर्चित टीवी शोज़ रह चुके हैं और बॉबी डार्लिंग को भी इनका हिस्सा बनने का मौका मिला है। टीवी शोज़ के अलावा कुछ रिएलिटी शोज़ में भी ये नज़र आ चुकी हैं। 

जैसे कि फेम गुरूकुल, बिग बॉस सीज़न वन, सच का सामना और इमोशनल अत्याचार। इनका आखिरी टीवी शो था कृष्णाकोली जो कि साल 2019 तक ब्रॉडकास्ट हुआ था।

Bobby Darling की निजी ज़िंदगी

बॉबी की निजी ज़िंदगी की बात करें तो ये तो आप जान ही चुके हैं कि इनके पिता ने इन्हें घर से निकाल दिया था। लेकिन इनके पिता का रिश्ता इनके साथ एक दफा फिर से सामान्य हुआ था रिएलिटी शो सच का सामना के दौरान।

सच का सामना में इनके पिता को बतौर सरप्राइज़िंग गेस्ट बुलाया गया था। उस शो में इनके पिता ने घोषणा की थी कि वो इन्हें इसी रूप में स्वीकार करेंगे जिस रूप में ये रहना चाहती हैं। 

बॉबी ने कई इंटरव्यूज़ में बताया है कि उनके साथ कई दफा लोगों ने बड़ा ही दुर्व्यवहार किया है। कई दफा उनके साथ फिजिकल असॉल्ट की कोशिश की गई है। 

उनके प्राइवेट पार्ट्स को ज़बरदस्ती छूने की कोशिश की गई है। उस दौर में उन्हें घर से निकलने में भी बड़ी तकलीफ होती थी। 

रमणीक शर्मा और बॉबी डार्लिंग की शादी

रिलेशन की बात करें तो बॉबी कई दफा रिलेशन में रह चुकी हैं। लेकिन साल 2010 में जब इन्होंने थाइलैंड जाकर अपनी जेंडर चेंज सर्जरी कराई तो उसके बाद इनकी मुलाकात भोपाल के रहने वाले एक बिजनेसमैन रमणीक शर्मा से हुई। 

रमणीक ने इनसे प्यार करने का दावा किया और वादा किया कि वो जन्म जन्मांतर तक इनका साथ देंगे। बॉबी भी रमनीक शर्मा को अपना दिल दे बैठी। रमणीक और बॉबी ने शादी का फैसला कर लिया। 

रमणीक से शादी करने के लिए बॉबी ने अपना नाम पाखी शर्मा रख लिया। फरवरी 2016 को एक छोटे से फंक्शन में बॉबी और रमणीक ने शादी कर ली। 

पति पर लगाए इल्ज़ाम

शादी के बाद बॉबी को लगा जैसे उनकी ज़िंदगी अब अपने असली मुकाम पर आ गई है। लेकिन शादी के मात्र डेढ़ साल बाद ही बॉबी ने अपने पति रमणीक शर्मा से तलाक लेने की अर्ज़ी अदालत में डाल दी। 

उन्होंने रमणीक पर आरोप लगाया कि वो उन्हें मारते-पीटते हैं। रमणीक के दूसरी महिलाओं से भी संबंध हैं। इतना ही नहीं, रमणीक उनके साथ अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने की ज़िद भी करते हैं। 

बॉबी ने दिल्ली पुलिस को दी अपनी शिकायत में ये सारी बातें कही थी। पुलिस ने अपनी जांच पूरी कि और घरेलू हिंसा के आरोप में कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस ने रमणीक शर्मा को जेल भेज दिया।  

रमणीक ने ज़मानत लेने की कोशिश भी की थी। लेकिन तब उनकी ज़मानत अर्ज़ी कोर्ट ने खारिज कर दी थी। उस वक्त बॉबी ने खुद ही सोशल मीडिया के माध्यम से अपने पति रमणीक की गिरफ्तारी की जानकारी दी थी और कहा था कि आखिरकार उन्हें इंसाफ मिल ही गया।

अब ऐसे रहती हैं Bobby Darling

बॉबी इन दिनों फिल्म इंडस्ट्री से पूरी तरह से दूर हो चुकी हैं। वो दिल्ली के अपने घर पर रहती हैं। एक रिश्ते में बुरी तरह चोट खा चुकी बॉबी कहती हैं कि अब वो कभी भी दोबारा शादी नहीं करेंगी। 

हां अगर कोई लड़का उन्हें पसंद आया तो वो उसके साथ लिव-इन रिलेशन में ज़रूर रहना चाहेंगी। लेकिन शादी से तो अब वो हमेशा दूर रहेंगी। 

टिप्पणियाँ

  1. इंसान ज़ब इस धरती पर अवतरित लिया, तो उसे हर हाल में जीने का अधिकार है, चाहे वह ट्रांसजेंडर हो, या फिर शरीर से अपंग या अक्षम! हमें ऐसे लोगों को कभी भी हिकारत कि नज़र से नहीं देखना चाहिए! ऐसे लोगों में भी वही क्षमता या योग्यता हो सकती है, जो एक सामान्य व्यक्ति में होता है, बस उन्हें उचित मौका मिलना चाहिए! उन्हें कभी भी हतोत्साहित नहीं करना चाहिए!

    जवाब देंहटाएं

एक टिप्पणी भेजें

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

Anup Jalota | Bhajan Samrat से जुड़े आठ बड़े ही रोचक और Lesser Known Facts

Purab Aur Pachhim 1970 Movie Trivia | पूरब और पश्चिम फिल्म की मेकिंग से जुड़ी 15 अनसुनी व रोचक कहानियां

Shiva Rindani | 90s की Bollywood Movies में गुंडा बनने वाले इस Actor को कितना जानते हैं आप? | Biography