Arjun Rampal | हैंडसम हंक अर्जुन रामपाल की पूरी जीवनी पढ़िए | Hindi Biography

Arjun Rampal. एक ऐसा अभिनेता, जिसकी शख्सियत ने उसे लोगों का चहीता बना दिया। अपने शानदार लुक्स से अर्जुन रामपाल लड़कियों के दुलारे बन गए। इनकी दमदार आवाज़ ने कईयों को इनका दीवाना बना दिया। एक ज़माने में प्रोफेशनल मॉडलिंग का बहुत बड़ा नाम रहे अर्जुन रामपाल आज फिल्में प्रोड्यूस भी करते हैं। 

Arjun-Rampal-Hindi-Biography
Arjun Rampal Hindi Biography - Photo: Social Media

Meerut Manthan आज आपको बेहद हैंडसम, बेहद डैशिंग Arjun Rampal की Biography बताएगा। Arjun Rampal की ज़िंदगी के कई अनसुने और अनछुए पहलुओं को आज हम और आप जानेंगे।

शुरुआती जीवन

अर्जुन रामपाल का जन्म 26 नवंबर 1972 को मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में हुआ था। ये आर्मी बैकग्राउंड से थे। इनके पिता अमरजीत रामपाल एक पंजाबी हिंदू ब्राह्मण परिवार से थे। जबकी इनकी मां ग्वेन एक पंजाबी सिख परिवार से थी। 

अर्जुन की नानी एक डच थी और इनके नाना ब्रिगेडियर गुरदयाल सिंह भी इंडियन आर्मी में ही थे। ब्रिगेडियर गुरदयाल सिंह ने ही आज़ाद भारत की पहली इनफैंट्री गन डिज़ाइन की थी। एक वक्त पर अर्जुन भी इंडियन आर्मी जॉइन करना चाहते थे और कहते थे कि वो नेशनल डिफेंस एकेडेमी में दाखिला लेंगे। 

अर्जुन से छोटी उनकी एक बहन भी हैं जिनका नाम कोमल रामपाल है। अर्जुन की मां ग्वेन पेशे से एक टीचर थी और महाराष्ट्र के नासिक शहर के देवलाली में मौजूद सेंट पैट्रिक स्कूल में नौकरी करती थी। अर्जुन की शुरुआती पढ़ाई वहीं पर हुई थी। 

अर्जुन रामपाल की पढ़ाई-लिखाई

अर्जुन और उनकी बहन छोटी ही थे जब इनके माता-पिता तलाक लेकर एक-दूसरे से अलग हो गए थे। मां ग्वेन ने ही अपने दोनों बच्चों की परवरिश की थी। सैंट पैट्रिक के बाद अर्जुन ने कोडाइकनाल इंटरनेशनल स्कूल में दाखिला लिया और वहां 12वीं तक पढ़ाई की। 

उसके बाद अर्जुन रामपाल दिल्ली आ गए और यहां हिंदू कॉलेज से उन्होंने इकॉनोमिक्स ऑनर्स किया। एक और बात जो अर्जुन को खास बनाती है वो ये कि अर्जुन खेल कूद में भी बहुत बढ़िया थे। स्कूल के दिनों से ही ये बढ़िया एथलीट माने जाते थे। कॉलेज के दिनों में भी ये स्पोर्ट्स में बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया करते थे। 

आलम ये था कि कभी आर्मी में जाने का सपना देखने वाले अर्जुन खेलों में अपना करियर बनाने की प्लानिंग करने लगे थे। उस वक्त अर्जुन ने दूर दूर तक भी ये नहीं सोचा था कि एक दिन ये मॉडलिंग की तरफ अपने कदम बढ़ाएंगे।

और सुपर मॉडल बन गए Arjun Rampal

अर्जुन के लुक्स की चर्चा इनके कॉलेज में खूब होती थी। कॉलेज में इनका फ्रैंड सर्किल बहुत ज़्यादा बड़ा था। कॉलेज के एक फ्रैंड की पार्टी में ही इनकी किस्मत ने इन्हें मॉडलिंग की तरफ लाने का रास्ता तैयार कर दिया। 

दरअसल, अपने जिस दोस्त की पार्टी में ये उस दिन शरीक हुए थे, उसमें जाने माने फैशन डिज़ाइनर रोहित बल भी आए थे। पार्टी में रोहित बल ने इन्हें देखा और वो इनके लुक्स के कायल हो गए। वहीं पर रोहित बल ने इनसे बात की और इन्हें मॉडलिंग करने की सलाह दी। 

रोहित बल की वो सलाह अर्जुन को भी बहुत पसंद आई और अगले ही दिन से ये खुद को मॉडल की तरह ग्रूम करने लगे। कुछ महीनों बाद ही अर्जुन को कई बड़े मॉडलिंग असाइनमेंट्स मिलने लगे। देखते ही देखते अर्जुन रामपाल मॉडलिंग इंडस्ट्री के नामी मॉडल बन गए। 

कई बड़े ब्रांड्स के लिए अर्जुन रामपाल को रैंप वॉक करने के मौके मिलने लगे। साथ ही साथ अर्जुन को एडवर्टाइज़मेंट्स भी मिलने शुरु हो गए। और कुछ ही महीनों में अर्जुन रामपाल एक न्यू कमर मॉडल से सुपर मॉडल बन गए। 

एक्टिंग की ट्रेनिंग लेने अमेरिका भी गए

कई फैशन मैगज़ीन्स ने अर्जुन रामपाल को अपने कवर पेज पर जगह दी थी। ऐसी ही एक मैगज़ीन के लिए एक दिन अर्जुन फोटोशूट कर रहे थे जब दिग्गज सिनेमैटोग्राफर अशोक मेहता की नज़र इन पर पड़ी। 

ये वो वक्त था जब अशोक मेहता फिल्म डायरेक्शन में हाथ आज़माने की प्लानिंग कर रहे थे। अशोक उन दिनों मोक्ष और जड़ नाम की दो फिल्में शुरू करने की प्लानिंग कर थे। 

अशोक मेहता ने अर्जुन रामपाल के साथ अपना डायरेक्शन करियर शुरू करने का प्लान बनाया। अर्जुन इन फिल्मों में काम तो करना चाहते थे। लेकिन उन्हीं दिनों वे न्यूयॉर्क में अपने कुछ प्रोजेक्ट्स निपटाने के लिए जाने वाले थे। 

साथ ही न्यूयॉर्क के एक एक्टिंग स्कूल से अर्जुन ने एक्टिंग की बारीकियां भी सीखने का प्लान किया हुआ था। अर्जुन 1 साल का वक्त अशोक मेहता से लेकर न्यूयॉर्क निकल गए। 

फिर जब अर्जुन भारत वापस लौटे तो यहां आकर भी उन्होंने कुछ एक्टिंग वर्कशॉप्स में हिस्सा लिया और डांस क्लासेज़ भी जॉइन की। 

पहली फिल्म से लगा तगड़ा झटका

अर्जुन का करियर शुरू तो मोक्ष से होने वाला था। लेकिन इसी बीच नामी डायरेक्टर राजीव राय ने उन्हें अपनी फिल्म प्यार इश्क और मोहब्बत के लिए भी साइन कर लिया। 

चूंकि ये एक बड़े बजट की फिल्म थी तो अर्जुन ने अपना करियर इसी फिल्म से शुरू करने का फैसला किया। लेकिन जब ये फिल्म रिलीज़ हुई तो अर्जुन रामपाल की आंखें खुल गई। 

या कहना चाहिए कि अर्जुन रामपाल को दिन में तारे नज़र आ गए। दरअसल, बॉक्स ऑफिस पर ये फिल्म बहुत बुरी तरह फ्लॉप हुई थी। लोगों ने अर्जुन रामपाल की एक्टिंग की बहुत ज़्यादा आलोचना कर दी। 

इतना ही नहीं, कईयों ने तो अर्जुन रामपाल की एक्टिंग की तुलना फर्नीचर तक से कर दी। अर्जुन को अहसास हो गया कि फिल्म इंडस्ट्री में अच्छे लुक्स केवल कुछ दिनों तक ही आपको चर्चाओं में रखते हैं। 

अगर आपको एक्टिंग करनी नहीं आती तो फिर आपके लुक्स किसी काम के नहीं हैं। साथ ही आपको फिल्में भी बहुत सोच समझकर साइन करनी पड़ती हैं। 

सपोर्टिंग एक्टर बनकर रह गए अर्जुन

पहली फिल्म के बाद अर्जुन की दूसरी फिल्म आई मोक्ष जिसमें उन्हें अशोक मेहता ने साइन किया था। ये फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर धड़ाम हो गई। अर्जुन की तीसरी फिल्म दीवानापन का भी बहुत बुरा हश्र हुआ। 

अर्जुन की चौथी फिल्म थी आंखें और ये फिल्म ठीक ठाक रही थी। लेकिन इस फिल्म में अमिताभ, अक्षय, परेश रावल और सुष्मिता सेन जैसे दिग्गज स्टार्स भी थे तो अर्जुन को कुछ खास फायदा इस फिल्म से नहीं हुआ। 

अर्जुन ने कुछ और बड़े बजट की फिल्मों में भी काम किया, जैसे कि दिल है तुम्हारा, दिल का रिश्ता, तहज़ीब, असंभव, ऐलान, वादा, यकीन, एक अजनबी, हमको तुमसे प्यार है, डरना ज़रूरी है, डॉन, अलग और हनीमून ट्रैवल्स। लेकिन ये सभी फिल्में या तो फ्लॉप रही या फिर अर्जुन का रोल सपोर्टिंग एक्टर का रहा। 

शाहरुख से दोस्ती का मिला फायदा

अपने अब तक के करियर में अर्जुन कई फिल्मों में काम कर चुके थे। लेकिन उन्हें कोई कामयाबी नहीं मिल पाई थी। मगर इन्हीं फिल्मों में से एक फिल्म ऐसी थी जिसमें अर्जुन रामपाल के लिए आगे का रास्ता तैयार हो रहा था। ये फिल्म थी कभी अलविदा ना कहना। जिसमें अर्जुन रामपाल ने एक स्पेशल अपीयरेंस किया था। 

इसी फिल्म से अर्जुन रामपाल की दोस्ती शाहरुख खान से हो गई थी। इस दोस्ती का फायदा अर्जुन को ये हुआ कि शाहरुख ने उन्हें डॉन में भी एक मजबूत रोल दिलाया। ये पहला रोल था जिसमें अर्जुन रामपाल की सबसे ज़्यादा तारीफें हुई थी। 

शाहरुख खान ने ही अर्जुन रामपाल को ओम शांति ओम में काम दिलाया था। बस फिर क्या था। अर्जुन बॉलीवुड के ए क्लास स्टार्स में शुमार हो गए। अर्जुन की अगली फिल्म थी रॉक ओन जिसमें इन्होंने बहुत शानदार एक्टिंग की। इस फिल्म के लिए ही अर्जुन को फिल्मफेयर बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर और इसी कैटेगरी में नेशनल अवॉर्ड भी मिला था। 

IPL का हिस्सा भी बने थे Arjun Rampal

शाहरुख संग अर्जुन की दोस्ती हर दिन परवान चढ़ती जा रही थी। चूंकि शाहरुख खान आईपीएल में केकेआर टीम के मालिक बन चुके थे तो उन्होंने अपनी टीम की 25 पार्टियां ऑर्गनाइज़ कराने का कॉन्ट्रैक्ट अर्जुन रामपाल और उनकी पत्नी मेहर जेसिया की कंपनी चेज़िंग गणेशा को दे दिया। 

इसके बदले अर्जुन रामपाल को शाहरुख ने 25 करोड़ रुपए दिए थे। आईपीएल के अलावा भी केकेआर के जो इवेंट्स होते थे, उनकी पार्टियों का ज़िम्मा भी अर्जुन रामपाल की कंपनी पर ही था। इन पार्टयों में फैशन शोज़ भी होते थे। 

बदनाम भी हुए अर्जुन रामपाल

आईपीएल की पार्टियों की चर्चा खूब होती थी। लेकिन चर्चाओं के साथ ही इन पार्टियों की बदनामी होनी भी शुरू हो गई। लोगों ने कहना शुरू कर दिया कि इन पार्टियों में नशेबाज़ी और लड़कियों की सप्लाई भी होती है। 

इन पार्टियों में क्रिकेटर्स भी शरीक होते हैं। इससे उनका ध्यान मैचों पर कम और इन पार्टियों पर ज़्यादा होता है। आखिरकार साल 2010 में इन पार्टियों पर पूरी तरह फुलस्टॉप लग गया। 

लेकिन इसी दौरान अर्जुन रेस्टोरेंट्स के बिजनेस में उतर चुके थे। उन्हें अपने कुछ रेस्टोरेंट्स शुरू कर लिए। यानि एक्टिंग से इतर अर्जुन अब दूसरे बिजनेसेज़ में भी अपनी किस्मत आज़माने लगे थे।

जब शाहरुख से टूटी अर्जुन की दोस्ती

अर्जुन की किस्मत बिजनेस में उनका खूब साथ दे रही थी। वहीं, उनका फिल्मी करियर भी बढ़िया चल रहा था। हाउसफुल, राजनीति, वी आर फैमिली जैसी बड़ी फिल्मों में अर्जुन ने काम किया था। लेकिन राजनीति को छोड़कर बाकी दोनों फिल्में बहुत ज़्यादा कमाल नहीं कर पाई थी। 

एक बार फिर अर्जुन का करियर उस मोड़ पर था जहां उन्हें एक हिट फिल्म की बहुत ज़्यादा दरकार थी। इसी वक्त पर शाहरुख खान ने अपने होम प्रोडक्शन की फिल्म रा वन बनाने का ऐलान किया। 

अर्जुन ने शाहरुख से डिमांड की कि इस फिल्म में मेन विलेन का रोल उन्हें दिया जाए। दोस्ती निभाते हुए शाहरुख ने रा वन के मेन विलेन का रोल जी वन अर्जुन को दे दिया। लेकिन फिर इसी फिल्म के बाद ही अर्जुन और शाहरुख की दोस्ती में भी दरार पड़ गई। 

निगेटिविटी में फंसते चले गए अर्जुन 

दरअसल, फिल्म में प्रियंका चोपड़ा भी एक कैमियो में नज़र आई थी। उन दिनों शाहरुख और प्रियंका के अफेयर की खबरें भी काफी आ रही थी। रा वन की रिलीज़ के बाद अर्जुन रामपाल ने शाहरुख पर इल्ज़ाम लगाते हुए कहा था कि उन्होंने प्रियंका के कैमियो पर बहुत ज़्यादा ध्यान दिया और मेरा रोल काफी ज़्यादा काट दिया। 

इतना ही नहीं, कहा ये भी जाता है कि अर्जुन ने अपनी दोस्ती निभाते हुए शाहरुख को प्रियंका से दूर रहने की सलाह भी दी थी। लेकिन शाहरुख को अर्जुन की ये सलाह उस वक्त काफी बुरी लगी थी। 

हर तरफ से निराश हुए अर्जुन

शाहरुख से दोस्ती खराब होने के बाद गौरी खान और करण जौहर से भी अर्जुन की दोस्ती बहुत ज़्यादा बढ़िया नहीं रही। इसी बीच रितिक रोशन और सुजैन खान ने जब डिवोर्स लिया तो इसमें भी अर्जुन रामपाल को लेकर काफी कंट्रोवर्सी हुई थी। कहा जा रहा था कि अर्जुन और सुजैन खान का अफेयर चल रहा है इसलिए रितिक ने सुजैन से तलाक लिया है। 

इसी बीच अर्जुन रामपाल पर उनके रेस्टोरेंट का किराया ना चुकाने का आरोप भी लगा। इतना ही नहीं, इस मामले को लेकर तो उन पर मुकदमा भी हो गया था। कहा गया था कि पिछले दो सालों से अर्जुन ने रेस्टोरेंट का किराया नहीं दिया है जो कि लगभग दो करोड़ रुपए है। 

लोगों ने कहना शुरू कर दिया कि अर्जुन रामपाल बैंकरप्ट हो गए हैं। इस दौरान अर्जुन रामपाल कुछ बड़ी फिल्मों में ज़रूर नज़र आए। लेकिन उनकी ये फिल्में भी बॉक्स ऑफिस पर कोई कमाल नहीं दिखा सकी।

बढ़ती गई अर्जुन की मुश्किलें

कुल मिलाकर एक बार फिर अर्जुन रामपाल बहुत मुश्किल वक्त में फंस गए थे। सुजैन खान संग उड़ी अफेयर की खबरों से पत्नी मेहर जेसिया से भी उनके ताल्लुकात बहुत ज़्यादा खराब हो चुके थे। मेहर घर छोड़कर अपने माता-पिता के पास रहने लगी थी। 

ज़िंदगी के ज़्यादातर मोर्चों पर मुश्किलों में फंसे अर्जुन रामपाल ने डैडी नाम की एक फिल्म बनाई। ये फिल्म उन्होंने खुद लिखी थी और खुद ही इसमें एक्टिंग भी की थी। 

साथ ही इस फिल्म को प्रोड्यूस भी अर्जुन ने खुद ही किया था। लेकिन ये फिल्म फ्लॉप साबित हुई और अर्जुन की मुश्किलें और ज़्यादा बढ़ गई। 

गैब्रिएला के लिए पहली पत्नी को दे दिया तलाक

अर्जुन रामपाल हर तरफ से मुश्किलों में घिरे थे। उनका करियर ठीक नहीं चल रहा था। उनकी पत्नी उन्हें छोड़कर जा चुकी थी। उनका बिजनेस डूब रहा था। ऐसे में वो हर तरफ से खुद को अकेला महसूस कर रहे थे। 

लेकिन इस अकेलेपन में अर्जुन को साथ दिया साउथ अफ्रीकन मॉडल गैब्रिएला का। अर्जुन आईपीएल के दिनों से ही गैब्रिएला को जानते थे। गैब्रिएला एक चियर लीडर थी और आईपीएल की पार्टियों के दौरान अर्जुन से उनकी जान पहचान हुई थी। 

कहा जाता है कि पत्नी मेहर जेसिया संग जब अर्जुन का रिश्ता खराब होना शुरू हुआ था। उसी वक्त से अर्जुन गैब्रिएला के नज़दीक जाने लगे थे। और फिर ये नज़दीकियां इतनी ज़्यादा बढ़ी कि गैब्रिएला प्रेगनेंट भी हो गई। 

जबकी उस वक्त तक अर्जुन और मेहर का तलाक भी नहीं हुआ था। 2019 में गैब्रिएला ने अर्जुन के बेटे को जन्म दिया था। जबकी इस वक्त तक अर्जुन और गैब्रिएला ने शादी भी नहीं की थी। 

यहां तक की आज भी दोनों बिना शादी के ही लिव इन रिलेशन में हैं। इनके बेटे का नाम अरिक रामपाल है। जबकी पहली पत्नी मेहर जेसिया से अर्जुन की दो बेटिया हैं जिनके नाम हैं मायरा और माहिका। 

अर्जुन रामपाल के लिए हमारी कामनाएं

इन दिनों अर्जुन अपनी कुछ फिल्मों की तैयारियों में लगे हैं। इनमें सबसे ज़्यादा चर्चित फिल्म है द बैटल ऑफ भीमा कोरेगांव जिसमें अर्जुन रामपाल सिधनक महार के किरदार में नज़र आने वाले हैं। 

अर्जुन की एक तेलुगू फिल्म भी इन दिनों फ्लोर पर है। साथ ही और कुछ प्रोजेक्ट्स भी हैं जिनमें अर्जुन रामपाल भविष्य में हमें नज़र आने वाले हैं। 

द फाइनल कॉल और लंदन फाइल्स नाम की दो वेब सीरीज़ में भी अर्जुन रामपाल नज़र आ चुके हैं। साथ ही कुछ रिएलिटी शोज़ में ये जज और होस्ट की भूमिका में भी हमें नज़र आ चुके हैं। 

कहा जा सकता है कि अर्जुन में पोटैंशियल की कोई कमी नहीं है। लेकिन उनके पोटैंशियल को कभी खुलकर सामने आने का रास्ता मिल ही नहीं सका। मेरठ मंथन अर्जुन रामपाल के बेहतर भविष्य और शानदार फिल्मी सफर की कामना ईश्वर से करता है। जय हिंद।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

Jaani Dushman 1979 15 Unknown Facts | जानी दुश्मन फिल्म की पन्द्रह रोचक बातें | Trivia

Gurbachchan Singh | पुरानी फिल्मों में दिखने वाला गुंडा जिसे लोग धर्मेंद्र का चेला कहते थे | Biography

Anup Jalota | Bhajan Samrat से जुड़े आठ बड़े ही रोचक और Lesser Known Facts