Zeenat Aman | चमकते चांद से चेहरे के पीछे का दर्द किसी ने ना देखा | Biography

Zeenat Aman. वो अभिनेत्री जिसने भारतीय हिरोइनों के रंग-रूप को पूरी तरह से बदल दिया। कई सालों तक हिंदी सिनेमा की अभिनेत्रियां केवल भारतीय परिधानों में नज़र आ रही थी।

ज़ीनत अमान ने उन्हें रिप्लेस कर वेस्टर्न आउटफिट्स वाली एक्ट्रेस का ट्रेंड शुरू किया। और आगे चलकर हर नई एक्ट्रेस ने ज़ीनत के इस ट्रेंड को फॉलो किया।

zeenat-aman-biography
Zeenat Aman Biography - Photo: Social Media

बेहद खूबसूरत Zeenat Aman के चाहने वालों के लिए Meerut Manthan लेकर आया है Biography of Zeenat Aman. ज़ीनत अमान की ज़िंदगी की पूरी कहानी आज हम आपको बताएंगे।

ज़ीनत अमान का जन्म हुआ था 19 नवंबर 1951 को मुंबई में। इनके पिता का नाम था अमान उल्लाह खान। इनके पिता अफग़ान मूल के थे। अमान उल्लाह खान एक राइटर थे। वहीं इनकी माता का नाम था वर्धनी। 

वो एक महाराष्ट्रियन हिंदू महिला थी। इनके पिता अमान उल्लाह खान मुगल-ए-आज़म के प्रोड्यूसर डायरेक्टर के.आसिफ के साथ काम करते थे। उन्होंने मुगल-ए-आज़म की स्क्रिप्ट राइटिंग के लिए काम किया था।

अमान उल्लाह खान और वर्धनी की इकलौती संतान थी ज़ीनत अमान। हालांकि मशहूर एक्टर रज़ा मुराद उनके चचेरे भाई ज़रूर हैं। जी हां, ज़ीनत के पिता अमान उल्लाह खान और रज़ा मुराद की मां लियाकत जहां बेग़म सगे भाई-बहन थे। 

ज़ीनत अमान की शुरूआती पढ़ाई-लिखाई पंचगनी के एक बोर्डिंग स्कूल में हुई थी। ज़ीनत इसी स्कूल में थी जब इनके माता-पिता तलाक लेकर एक-दूसरे से अलग हो गए थे। ज़ीनत अपनी मां के साथ रही।

ये जब मात्र 13 साल की थी तो इनके पिता अमान उल्लाह खान का निधन हो गया। उनकी मौत के बाद इनकी मां ने एक जर्मन नागरिक से शादी कर ली और वे जर्मनी चली गई। 

ज़ीनत अपने रिश्तेदारों के साथ मुंबई में ही रही और सेंट ज़ेवियर्स कॉलेज से इन्होंने ग्रेजुएशन किया। इसी दौरान इन्होंने एक स्कॉलरशिप जीती और फिर ये सदर्न कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी पढ़ाई के लिए पहुंची। वहां से वापस लौटने के बाद ये फैमिना मैगज़ीन में जर्नलिस्ट के तौर पर काम करने लगी।

ज़ीनत अमान काफी खूबसूरत थी। इनके दोस्त अक्सर इन्हें सलाह दिया करते थे कि तुम्हें मॉडलिंग करनी चाहिए। दोस्तों के काफी कहने के बाद आखिरकार ज़ीनत ने मॉडलिंग की तरफ कदम बढ़ाए और इन्हें मॉडलिंग में सफलता मिलनी भी जल्द ही शुरू हो गई। उस दौर में ज़ीनत का पोंड्स क्रीम का एड काफी चर्चाओं में रहा था।

इसी दौरान ज़ीनत ने मिस इंडिया कॉन्टेस्ट में हिस्सा लिया और उस कॉन्टेस्ट में ये थर्ड रनर अप रहीं। फिर बाद में इन्होंने मिस एशिया पैसिफिक ब्यूटी पैजेंट में हिस्सा लिया और उसमें इन्हें सफलता भी मिली। 

इस ब्यूटी पैजेंट को जीतने वाली ये पहली भारतीय बनीं। ये वही ब्यूटी पैजेंट है जिसे कई सालों बाद सन 2000 में दिया मिर्ज़ा ने जीता और ऐसा करने वाली दिया मिर्ज़ा दूसरी भारतीय लड़की बनी थी।

ज़ीनत अमान के पिता अमान उल्लाह खान के अच्छे दोस्त रहे प्रोड्यूसर डायरेक्टर राइटर और एक्टर ओ पी रल्हन ने ज़ीनत को पहली दफा अपनी फिल्म हलचल में ब्रेक दिया। 1971 में रिलीज़ हुई इस फिल्म में ज़ीनत के अपोज़िट थे कबीर बेदी।

इसके बाद ओ पी रल्हन की ही फिल्म हंगामा में ये एक कैमियो में नज़र आई। लेकिन ये दोनों ही फिल्में बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह से फ्लॉप हो गई। शुरुआती असफलताओं से ज़ीनत इतना ज़्यादा दुखी हो गई थी कि वो फिल्म इंडस्ट्री छोड़ने का मन बना चुकी थी।

यहां ये बात भी बतानी ज़रूरी है कि ज़ीनत के करियर की पहली फिल्म 1971 में रिलीज़ हुई हलचल मानी जाती है। क्योंकि इस फिल्म में ज़ीनत लीडिंग लेडी के रोल में थी। 

लेकिन ज़ीनत ने 1970 की इंडो-फिलीपीनो फिल्म "The Evil Wiithin" से अपने एक्टिंग करियर की शुरूआत कर दी थी। ये एक इंटरनेशनल फिल्म थी और इस फिल्म में देवानंद, इफ्तेखार और प्रेमनाथ जैसे इंडियन सुपरस्टार्स भी थे। 

इस फिल्म के एक हिस्से में ज़ीनत साड़ी पहनने वाली सीधी-सादी भारतीय लड़की के रूप में दिखी थी। और दूसरे हिस्से में वेस्टर्न परिधानों से सजी बोल्ड एंड ब्यूटीफुल लेडी रूप में दिखी।

हालांकि ये फिल्म कोई खास कमाल नहीं कर पाई और इस फिल्म में ज़ीनत को किसी ने नोटिस भी नहीं किया था। लेकिन इस फिल्म से ज़ीनत अमान देवानंद साहब की नज़रों में चढ़ चुकी थी। 

देवानंद साहब ने फैसला कर लिया था कि वो इस लड़की के साथ फ्यूचर में काम ज़रूर करेंगे। और ये वक्त भी जल्द ही आ गया। दरअसल, देवानंद साहब अपनी फिल्म "हरे रामा हरे कृष्णा" के लिए एक ऐसी लड़की की तलाश में थे जो फिल्म में उनकी बहन का रोल निभा सके।

उस वक्त की ज़्यादातर अभिनेत्रियों ने देवानंद साहब की बहन बनने से साफ इन्कार कर दिया था। ऐसे में देवानंद साहब ने ये रोल ऑफर किया ज़ीनत अमान को। शुरू में ज़ीनत भी इस रोल के लिए देवानंद साहब को हां कहने में हिचकिचा रही थी।

लेकिन जब देवानंद साहब ने ज़ीनत से कहा कि अगर ये फिल्म हिट हो गई तो तुम मशहूर हो जाओगी और तुम्हारा करियर बन जाएगा, तब ज़ीनत अमान ने ये रोल स्वीकार कर लिया। फिल्म रिलीज़ हुई और मस्त मलंग जसबीर जायसवाल उर्फ जैंसी के रोल में ज़ीनत अमान ने कमाल कर दिया। इस रोल के लिए ज़ीनत को फिल्मफेयर बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस अवॉर्ड से नवाज़ा गया।

इसी फिल्म से एक और किस्सा भी जुड़ा है। दरअसल, ज़ीनत अमान ने देवानंद साहब की खास रिक्वेस्ट पर इस फिल्म में काम किया था। लेकिन उन्होंने पूरा इरादा बना लिया था कि इस फिल्म के बाद वो फिल्मों में काम नहीं करेंगी। 

फिल्म की शूटिंग पूरी होने के बाद ज़ीनत अपनी मां और अपने सौतेले पिता के साथ जर्मनी जाने की तैयारियों में जुट गई थी। ज़ीनत वहीं पर सेटल होने वाली थी। लेकिन देव साहब को अपनी फिल्म पर पूरा भरोसा था। 

उन्होंने ज़ीनत की मां और उनके सौतेले पिता से रिक्वेस्ट की थी कि वो अपने जर्मनी निकलने की प्लानिंग को तब तक के लिए पोस्टपोन कर दें जब तक कि फिल्म रिलीज़ नहीं हो जाती और इसका फीडबैक मिलना शुरू नहीं हो जाता। देवानंद साहब की बात ज़ीनत की मां ने मान ली।

फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ज़बरदस्त कामयाब रही। ज़ीनत के रोल को हर किसी ने पसंद किया। फिल्म इंडस्ट्री भी ज़ीनत की एक्टिंग की फैन हो गई थी। फिल्म में उस दौर की एक और बड़ी अभिनेत्री मुमताज़ भी थी। लेकिन ज़ीनत की चकाचौंध के सामने सामने मुमताज़ की चमक फीकी पड़ चुकी थी।

ये फिल्म पूरी तरह से ज़ीनत अमान की फिल्म बनकर रह गई थी। हिंदी सिनेमा के इतिहास में ऐसा पहली दफा हो रहा था जब कोई अभिनेत्री अपनी पहली ही फिल्म से इतनी बड़ी सफलता हासिल कर रही हो।

ज़ीनत ने हिंदी सिनेमा की इमेज को पूरी तरह से बदलकर रख दिया था। हरे रामा हरे कृष्णा के बाद ज़ीनत ने कई और बड़ी हिट फिल्मों में काम किया। 

लेकिन ज़ीनत पारंपरिक भारतीय परिधान पहनने वाली हिरोइनों के एकदम उलट वेस्टर्न आउटफिट्स और बिकिनी पहनने वाली हिरोइन के रूप में पर्दे पर नज़र आई।

खास बात ये है कि दर्शकों को भी ज़ीनत का ये अंदाज़ बेहद पसंद आ रहा था। अपने पचास साल लंबे फिल्मी करियर में ज़ीनत अमान ने कई ज़बरदस्त फिल्मों में काम किया। 

हर सुपरस्टार की हीरोइन बनने का इन्हें मौका मिला। और ज़ीनत अमान सालों तक फिल्म इंडस्ट्री की टॉप मोस्ट अभिनेत्री रही।

ज़ीनत का फिल्मी करियर बड़ा शानदार चल रहा था। लेकिन उनकी निज़ी ज़िंदगी में बड़ी उथल पुथल मची थी। दरअसल, ज़ीनत अमान एक्टर-प्रोड्यूसर संजय खान के साथ रिलेशन में थी। 

लोग अक्सर कहते थे कि ज़ीनत और संजय खान ने शादी कर ली है। जबकी संजय खान ने हमेशा इस बात से इन्कार किया। बकौल संजय उन्होंने ज़ीनत से इश्क ज़रूर किया लेकिन कभी शादी नहीं की। 

संजय पहले से शादीशुदा थे और उनके बच्चे भी थे। अपनी पत्नी के कड़ी आपत्ति जताने पर संजय खान ने जब ज़ीनत से दूरियां बनानी शुरू की तो ये बात ज़ीनत पर बड़ी नागवार गुज़री।

उन्होंने संजय से शिकायत की तो संजय काफी एग्रिसव हो गए। नौबत हाथापाई तक पहुंचने लगी। कहा तो ये भी जाता है कि एक दफा एक होटल के कमरे में संजय खान ने ज़ीनत अमान को बड़ी बुरी तरह से पीटा था। 

उस वक्त संजय खान की पत्नी भी वहां मौजूद थी और वो संजय खान को ज़ीनत को पीटने के लिए उकसा रही थी। संजय खान के साथ होने वाली हाथापाई में ज़ीनत की एक आंख पर चोट भी लग गई थी।

आखिरकार ज़ीनत ने संजय खान का मोह छोड़ा और तकरीबन सात सालों तक अकेले रहने के बाद ज़ीनत ने एक्टर मज़हर खान से 1985 में शादी कर ली। मज़हर से इनको दे बेटे हुए। अज़ान खान और ज़हान खान। 

1998 में मज़हर खान की मृत्यु हो गई। उनकी मौत के बाद कई इंटरव्यूज़ में ज़ीनत अमान ने कहा था कि मज़हर खान के साथ भी उनकी शादी कुछ खास नहीं चल रही थी। मज़हर भी उन पर तमाम तरह की पाबंदियां लगाते थे और उन्होंने भी ज़ीनत पर हाथ उठाया था। अपने बच्चों की खातिर वो मज़हर से कभी अलग नहीं हुई। लेकिन मज़हर के साथ उनकी शादी एकदम नीरस हो चुकी थी।

ज़ीनत अमान अब 73 साल की हो चुकी हैं। आखिरी दफा ये 2019 में रिलीज़ हुई फिल्म पानीपत में नज़र आई थी। उस फिल्म में इन्होंने शकीना बेगम का रोल निभाया था। 

मडगांव द क्लोज़्ड फाइल नाम की एक मर्डर मिस्ट्री में ये नज़र आएंगी। यानि इस उम्र में भी ज़ीनत अमान ने एक्टिंग से प्यार नहीं छोड़ा है। ज़ीनत की ज़िंदगी की पूरी कहानी को किसी एक आर्टिकल में कह पाना नामुमकिन है।

 लेकिन फिर भी हमने कोशिश की है कि उनके जीवन से जुड़ी सभी ज़रूरी बातों को अपने दर्शकों को बताया जाए। मॉडर्न कबूतर ज़ीनत अमान की अच्छी सेहत और लंबी उम्र के लिए दुआ करता है। जय हिंद।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

Anup Jalota | Bhajan Samrat से जुड़े आठ बड़े ही रोचक और Lesser Known Facts

Purab Aur Pachhim 1970 Movie Trivia | पूरब और पश्चिम फिल्म की मेकिंग से जुड़ी 15 अनसुनी व रोचक कहानियां

Shiva Rindani | 90s की Bollywood Movies में गुंडा बनने वाले इस Actor को कितना जानते हैं आप? | Biography