Biography of Son Pari Actress Mrinal Kulkarni | कहानी सोन परी का किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस मृणाल कुलकर्णी की
आज कहानी कहते हैं सोनपरी की। यानि Actress Mrinal Kulkarni की। 21 जून 1971 को पुणे में मृणाल कुलकर्णी का जन्म हुआ था। मृणाल जी का जन्म एक बहुत पढ़े-लिखे घर में हुआ था।
इनके माता-पिता दोनों ही पुणे के नामी स्कूलों में प्रिंसिपल थे। जबकी इनके नाना मराठी भाषा के मशहूर उपन्यासकार थे। यही वजह है कि मृणाल कुलकर्णी भी स्कूली दिनों में पढ़ाई-लिखाई में बहुत होशियार थी।
![]() |
Biography of Son Pari Actress Mrinal Kulkarni - Photo: Social Media |
Mrinal Kulkarni ने इतिहास में मास्टर्स किया है। इतिहास के अलावा लिटरेचर इनका पसंदीदा विषय रहा है। शायद यही वजह है कि Mrinal Kulkarni ने अपने करियर में इतिहास व साहित्य पर आधारित कई मशहूर टीवी शोज़ में काम किया है।
वीकिपीडिया के मुताबिक मृणाल कुलकर्णी जी ने पहली दफा श्रीकांत नामक दूरदर्शन की एक टीवी सीरीज़ में पहली दफा अभिनय किया था।
हालांकि एक इंटरव्यू में इन्होंने बताया है कि इनका पहला शो था स्वामी जिसमें ये माधवराव पेशवा की पत्नी रमाबाई पेशवा का किरदार जिया था।
इस शो के बाद इन्होंने कई अन्य हिंदी व मराठी टीवी शोज़ व फिल्मों में काम किया। 1989 में आई कमला की मौत इनकी पहली फिल्म थी।
उसके बाद मृणाल कुलकर्णी जी ने बहुत अधिक हिंदी फिल्मों में काम नहीं किया।और इसकी वजह रही वो किरदार जो इन्हें हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की तरफ से ऑफर हो रहे थे।
बतौर एक्टर मृणाल कुलकर्णी जी को हिंदी फिल्मों से ऑफर हो रहे कैरेक्टर्स पसंद नहीं आ रहे थे। इसिलिए इन्होंने बहुत अधिक हिंदी फिल्मों में काम नहीं किया।
Mrinal Kulkarni के करियर का सबसे यादगार शो Son Pari को ही माना जाएगा। क्योंकि इस शो से Mrinal Kulkarni को जो ख्याति मिली वो किसी और से नहीं मिली थी। हालांकि जब सोनपरी मृणाल जी को ऑफर हुआ था तब वो कन्फ्यूज़ थी कि इस शो में काम करना चाहिए कि नहीं।
दरअसल, उस वक्त तक मृणाल जी की शादी हो चुकी थी और उनका बेटा भी काफी बड़ा हो चुका था। उनका बेटा काफी हॉलीवुड फिल्में देखा करता था। सोनपरी एक ऐसा शो था जिसमें स्पेशल इफेक्ट्स का इस्तेमाल होना था। लेकिन मृणाल जी को ये कन्फ्यूज़न हो रही थी कि पता नहीं इस शो में इस्तेमाल होने वाले स्पेशल इफैक्ट्स किस स्तर के होंगे।
ऐसा ना हो कि उनका बेटा उन्हें इस शो में देखकर कहे कि ये कैसे स्पेशल इफैक्ट्स हैं। मगर जब प्रोड्यूसर नीना गुप्ता ने मृणाल जी से कहा कि सोनपरी के किरदार के लिए तुम्हारे चेहरे जैसा कोई दूसरा चेहरा हो ही नहीं सकता तो उनका मन रखने के लिए मृणाल जी ने सोनपरी शो में काम करने की हामी भर दी।
जिस वक्त सोनपरी शुरू हुआ था उसी वक्त क्योंकि सास भी कभी बहु थी शो भी शुरू हुआ था। यूं तो वो शो भी काफी हिट रहा था। लेकिन सोनपरी के सामने वो शो शुरुआत में काफी पिछड़ गया था। ये भी एक इत्तेफाक ही है कि सोनपरी और क्योंकि सास भी कभी बहू थी शो लगभग एक ही समय पर शुरू हुए और एक ही समय पर बंद हुए।
मृणाल जी ने संजय खान के शो द ग्रेट मराठा में अहिल्याबाई होल्कर का किरदार निभाया था। साल 2001-2002 में प्रसारित हुए द्रोपदी में इन्होंने ही मुख्य भूमिका निभाई थी। इसके अलावा कई अन्य मराठी शोज़ रहे हैं जिनमें मृणाल जी ने मुख्य भूमिकाएं व सपोर्टिंग किरदार निभाए। हालांकि इन्हें अपना सबसे शानदार काम लगता है मीराबाई शो में निभाया गया मुख्य किरदार।
एक इंटरव्यू में मृणाल जी कहती हैं कि उनके लिए मीराबाई का किरदार निभाना काफी चुनौतीपूर्ण था। क्योंकि वो एक ऐसे परिवार से आती हैं जहां नास्तिकता का अधिक प्रभाव है। जबकी मीराबाई तो बहुत बड़ी कृष्ण भक्त थी। इसलिए उस किरदार के लिए इन्होंने काफी मेहनत की थी। और इनके काम को खूब सराहा भी गया था।
मृणाल कुलकर्णी जी के निजी जीवन की बात करें तो इन्होंने रुचिर कुलकर्णी जी से शादी की है। इनके पति रुचिर कुलकर्णी इनके बचपन के मित्र थे। रुचिर कुलकर्णी संग शादी करने के बाद ही इनके नाम के साथ कुलकर्णी उपनाम जुड़ा। वर्ना उससे पहले इनका नाम था मृणाल देव।
रुचिक कुलकर्णी वकालत करते हैं। इन दोनों का एक बेटा है जिसका नाम है विराजस कुलकर्णी। इनके बेटे विराजस कुलकर्णी ने फिल्म मेकिंग की पढ़ाई की है। और अब वो फिल्म इंडस्ट्री में जगह बनाने के लिए मेहनत कर रहा है।
मृणाल कुलकर्णी जी रोहित शेट्टी की वेब सीरीज़ इंडियन पुलिस फोर्स में नज़र आई थी। इन्होंने चंद फिल्में लिखी व निर्देशित भी की हैं।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें