Antara Mali | रोड फिल्म की इस हिरोइन को आप भूल चुके होंगे, कर लीजिए फिर से याद | Biography
Antara Mali. एक दौर था जब राम गोपाल वर्मा की फिल्मों का अभिन्न हिस्सा ये ही हुआ करती थी। कई बड़ी और क्रिटिकली अक्लेम्ड फिल्मों में इन्होंने काम किया। फिल्म इंडस्ट्री के नामचीन सितारों के साथ इनकी जोड़ी बनी।
लेकिन फिर वो वक्त भी आया कि बॉलीवुड पटल पर कुछ सालों के लिए किसी धूमकेतू की तरह चमक बिखेरने वाली अंतरा माली गुमनामी के अंधेरों में खो गई और फिर भुला दी गई।
![]() |
Anatar Mali Biography - Photo: Social Media |
Meerut Manthan पर आज पेश है Antara Mali की कहानी। यूं तो Antara Mali ने खुद को इतना रिज़र्व रखा है कि उनके बारे में बहुत ज़्यादा जानकारियां कहीं नहीं हैं। लेकिन फिर भी, हमने ज़्यादा से ज़्यादा इनके बारे में जानने का प्रयास किया है।
Antara Mali का शुरूआती जीवन
20 अक्टूबर 1975 को अंतरा माली का जन्म मुंबई में हुआ था। इनके पिता जगदीश माली फिल्म इंडस्ट्री का एक बड़ा नाम थे। जगदीश माली एक फोटोग्राफर थे और एक ज़माने में उनसे अपना पोर्ट फोलियो बनवाने के लिए फिल्म इंडस्ट्री के बड़े-बड़े सितारे उत्सुक रहा करते थे।
इतना ही नहीं, अंतरा माली के दादा शांतनू माली भी अपने ज़माने के मशहूर पेंटर हुआ करते थे। चूंकि पिता फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े थे तो अंतरा को भी बचपन से ही फिल्मों में काम करने का शौक लग गया था।
अंतरा माली की पहली फिल्म
साल 1996 में अंतरा माली ने पहली दफा फिल्म तन्हा तन्हा के लिए ऑडिशन दिया था। ये फिल्म अशोक पंडित बना रहे थे और अशोक पंडित ने अंतरा की जगह दीप्ति भटनागर को इस फिल्म में कास्ट किया था। हालांकि ये फिल्म कभी बन नहीं पाई।
इसके बाद साल 1998 में आई फिल्म ढूंढते रह जाओगे में पहली दफा अंतरा माली को एक्टिंग करने का मौका मिला। कॉमेडी जोनरा की इस फिल्म में अंतरा के अपोज़िट अमर उपाध्याय थे। फिल्म में नसीरुद्दीन शाह, अमरीश पुरी, सतीश शाह, प्रेम चोपड़ा और टीनू आनंद जैसे दिग्गज कलाकार भी थे।
जब RGV Camp में हुई Antara Mali की एंट्री
इसके बाद सन 1999 में अंतरा की ज़िंदगी में राम गोपाल वर्मा की एंट्री हुई। प्रेम कढ़ा नाम की एक तेलुगू फिल्म में पहली दफा राम गोपाल वर्मा ने अंतरा को साइन किया था।
इस फिल्म के दौरान अंतरा संग रामू की कैमिस्ट्री कुछ ऐसी सेट हुई कि अंतरा ने उर्मिला मातोंडकर को रामू कैंप से बाहर कराकर खुद को फिट कर लिया।
राम गोपाल वर्मा की कई फिल्मों में अंतरा नज़र आई, जैसे कि मस्त, कंपनी, रोड, डरना मना है, मैं माधुरी दीक्षित बनना चाहती हूं, गायब और नाच। कहा जाता है कि राम गोपाल वर्मा और अंतरा माली के बीच इस दौरान अफेयर भी चल रहा था। साल 2005 में अंतरा ने खुद भी एक फिल्म लिखी और डायरेक्ट की जिसका नाम था मिस या मिसेज।
इस फिल्म में अंतरा ने एक्टिंग भी की थी और उनके साथ आफताब शिवदसानी और रितेश देशमुख नज़र आए थे। ये फिल्म कोई खास कमाल तो नहीं कर सकी। लेकिन क्रिटिक्स ने इस फिल्म के लिए अंतरा की थोड़ी तारीफ ज़रूर की थी।
इस तरह हुई फिल्मों से दूर
इस फिल्म के बाद ही अंतरा ने जीक्यू मैगज़ीन के एडिटर Che Kurrien से शादी कर ली और बॉलीवुड को छोड़ दिया। कहा जाता है कि रामू के बेतहाशा सपोर्ट के बाद भी अंतरा माली का करियर कभी भी संवर नहीं पाया।
बाद में रामू से भी उनकी अनबन हो गई। फिल्मों में कोई सफलता ना मिलते देख ही अंतरा ने शादी करके हेमशा-हमेशा के लिए बॉलीवुड छोड़ने का फैसला कर लिया था।
हालांकि साल 2010 में अंतरा माली एंड वन्स अगेन नाम की फिल्म में ज़रूर दिखी जिसे अमोल पालेकर ने डायरेक्ट किया था। लेकिन ये फिल्म बुरी तरह फ्लॉप हुई और इसके साथ ही अंतरा माली के फिल्मी करियर का पूरी तरह से दी एंड हो गया।
साल 2012 में अंतरा ने मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में एक बेटी को जन्म दिया। बेटी के जन्म के बाद से ही अंतरा ने मीडिया से पूरी तरह से दूरी बना ली।
जब मीडिया के निशाने पर आई अंतरा
साल 2013 में अंतरा उस वक्त मीडिया के निशाने पर आ गई जब कहा गया कि अंतरा के पिता और मशहूर फोटोग्राफर जगदीश माली को सड़क पर बदहवाश हालात में पाया गया है और जब जगदीश माली की मदद के लिए बेटी अंतरा से बात की गई तो अंतरा ने अपने पिता की मदद करने से साफ इन्कार कर दिया।
हुआ कुछ यूं था कि मॉडल मिंक बरार सड़क किनारे गरीबों को कंबल बांट रही थी। इसी दौरान मिंक बरार ने खस्ताहाल जगदीश माली को देखा।
मिंक बरार जगदीश माली को देखते ही पहचान गई। बकौल मिंक जब उन्होंने जगदीश माली की बेटी और फिल्म स्टार अंतरा माली से इस बारे में बात की तो अंतरा ने अपने पिता की कोई भी मदद करने से साफ इन्कार कर दिया।
सलमान ने लगाई थी Antara Mali की क्लास
इसके बाद मिंक ने सलमान खान से जगदीश माली के लिए मदद मांगी। चूंकि सलमान खान भी जगदीश माली को अच्छी तरह से जानते थे तो उन्होंने तुरंत अपनी गाड़ी और अपने कुछ सहयोगियों को जगदीश माली की मदद के लिए भेजा। सलमान ने मीडिया के सामने अंतरा माली की खिंचाई भी की।
इस घटना के बाद अंतरा को लोगों की आलोचनाओं का खूब शिकार होना पड़ा। मीडिया भी अंतरा के पीछे हाथ धोकर पड़ गया। लेकिन फिर अंतरा ने मीडिया के सामने अपना पक्ष रखा। और इत्तेफाक से अंतरा के पिता जगदीश माली ने भी अपनी बेटी को ही इस मामले में सपोर्ट किया।
जगदीश माली की हालत थी वजह
मीडिया में जब अंतरा माली की काफी ज़्यादा आलोचना हुई तो अंतरा ने मीडिया के सामने अपना पक्ष रखते हुए बताया कि उनके पिता जगदीश माली लिवर की गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। साथ ही वे हाई ब्लड शुगर और हाई ब्लड प्रेशर के भी मरीज़ हैं। जगदीश माली को इंसुलिन लेनी पड़ती है।
जब भी कभी जगदीश माली इंसुलिन लेना भूल जाते हैं तो उनके दिमाग पर इसका बुरा असर पड़ता है। हर छह महीने में एक दफा ऐसा ज़रूर होता है जब जगदीश माली इंसुलिन लेना भूल जाते हैं और फिर ऐसे ही सड़क पर निकल जाते हैं।
यही उस दिन भी हुआ था
उस दिन भी ऐसा ही हुआ था। लेकिन उनकी हालत को लोगों ने पब्लिसिटी स्टंट बना लिया। अंतरा ने इसके साथ ही मिंक बरार पर कानूनी कार्रवाई करने की बात भी कही थी।
अंतरा ने मीडिया को बताया था कि उनके पिता हमेशा ठीक रहते हैं। कभी कभार ही ऐसा होता है। बकौल अंतरा, अपने पिता के कहने पर ही उन्होंंने 2009 में पिता को अलग से एक फ्लैट मुंबई में दिलाया था और वो वहीं पर रहते थे।
पिता Jagdish Mali ने भी बेटी Antara Mali को सपोर्ट किया था
दूसरी तरफ जगदीश माली ने भी अपनी बेटी को सपोर्ट करते हुए कहा था कि लोग जो मर्ज़ी आता है लिख देते हैं। किसी ने मुझसे मेरे बारे में बात नहीं की। अंतरा एक शानदार बेटी है और हमें किसी दूसरे इंसान की मदद की कोई ज़रूरत नहीं हैं।
बता दें कि यूट्यूब पर ढेरों ऐसे वीडियोज़ हैं जिनमें अंतरा को उनके पिता की बुरी हालत के लिए ज़िम्मेदार बताया जाता है। कोई भी अंतरा के पक्ष की बात नहीं करता। बता दें कि 13 मई 2013 को अंतरा के पिता और मशहूर फोटोग्राफर जगदीश माली का देहांत हो गया था। इसके बाद अंतरा के बारे में कभी कोई खबर नहीं आई।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें