Sapna Awasthi | Pardesi Pardesi Jana Nahi Song में नज़र आई ये गायिका अब कहां है? | Biography
Sapna Awasthi. इनके नाम से आप वाकिफ हों ना हों। पर इनकी खनखनाती आवाज़ से आप ज़रूर वाकिफ होंगे। कई गीत संगीत जगत में सिर्फ इसलिए हमेशा के लिए यादगार बन गए। क्योंकि उन गीतों को सपना अवस्थी ने अपने सुरों से सजाया था। बिना किसी सोर्स, बिना किसी सिफारिश, केवल अपने टैलेंट के दम पर सपना अवस्थी ने फिल्म इंडस्ट्री में इतना बड़ा मुकाम बनाया।
![]() |
Singer Sapna Awasthi Biography - Photo: Social Media |
Meerut Manthan पर आज पेश है शानदार आवाज़ की मालकिन Sapna Awasthi की कहानी। Sapna Awasthi संगीत की दुनिया में कैसे आई? और हिंदी म्यूज़िक इंडस्ट्री में सपना अवस्थी इतनी कामयाब कैसे हुई, ये सारी कहानी आज हम और आप जानेंगे।
Sapna Awasthi का शुरुआती जीवन
सपना अवस्थी कब और कहां पैदा हुई। इसके बारे में जानकारी नहीं मिल पाई। लेकिन इंटरनेट की दुनिया में कई लोगों ने ये दावा ज़रूर किया है कि ये मूलरूप से उत्तराखंड के कमुाऊं इलाके की रहने वाली हैं और इनकी परवरिश उत्तर प्रदेश के लखनऊ में हुई है। इनके पिता लखनऊ यूनिवर्सिटी में संस्कृत के प्राचार्य थे।
छोटी उम्र में ही दिख गया था सपना अवस्थी का टैलेंट
जैसे दूसरे छोटे बच्चे कम उम्र से ही गाना गुनगुनाना शुरू कर देते हैं। सपना भी वैसे ही अपने घर में गीत गाती थी। एक दिन जब इनके पिता ने गौर से इनको गुनगुनाते हुए सुना तो उन्हें अहसास हुआ कि उनकी बेटी को ईश्वर ने एक यूनीक आवाज़ दी है। उन्होंने तय कर लिया कि बेटी को विधिवत संगीत की शिक्षा दिलाई जाएगी।
कम उम्र से ही सपना स्कूल में होने वाले व अपने इलाके में होने वाले विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्टेज पर गाने लगी थी। साथ ही साथ ये नाटकों में भी हिस्सा लिया करती थी। किस्मत से इन्हें रेडियो पर भी गाना गाने का मौका मिलने लगा।
भातखंडे से ली संगीत की शिक्षा
सपना अवस्थी जब 17 साल की हुई तो इनके पिता ने इन्हें लखनऊ के भातखंडे संगीत महाविद्यालय में दाखिला दिला दिया। और यहीं से सपना अवस्थी ने संगीत की प्रॉपर ट्रेनिंग लेनी शुरू कर दी। पांच सालों तक सपना अवस्थी ने भातखंडे विश्वविद्याल में खुद को निखारा और तराशा। भातखंडे विश्वविद्याल में संगीत की शिक्षा के दौरान भी ये आकाशवाणी के लखनऊ केंद्र पर कभी-कभार गाती रहती थी।
जब दिल्ली हुआ सपना अवस्थी को प्यार
भातखंडे से संगीत की शिक्षा पूरी करने के बाद पंडित अमरनाथ से शास्त्रीय संगीत सीखने के लिए सपना अवस्थी दिल्ली आ गई। दिल्ली में आने के बाद इन्होंने रेडियो पर काफी गाया। साथ ही साथ संगीतमय नाटकों में भी इन्होंने काम करना शुरू कर दिया।
इसी दौरान सपना अवस्थी ने शादी भी कर ली थी। इन्होंने कार्तिक अवस्थी से लव मैरिज की थी। कार्तिक अवस्थी भी एक गीतकार हैं और कार्तिक अवस्थी ने ही फिल्म हम तुम्हारे हैं सनम के गीत लिखे थे।
एक्टिंग भी की थी
दिल्ली में सपना अवस्थी का बढ़िया नाम हो गया था। इसी दौरान सपना अवस्थी को गुलज़ार साहब के टीवी शो मिर्ज़ा ग़ालिब में पहली दफा एक गीत गाने का मौका मिला था। इत्तेफाक से सपना ने मिर्ज़ा ग़ालिब में एक छोटा सा किरदार भी निभाया था। लेकिन अभिनय का सपना का सफर यहीं से शुरू होकर यहीं पर ही खत्म हो गया। सपना ने अपना पूरा ध्यान गायकी पर ही लगाना शुरू कर दिया।
समीर ने बदली किस्मत
मिर्ज़ा ग़ालिब में इनकी गायकी ने इन्हें फिल्म इंडस्ट्री में चर्चा का विषय बना दिया। इसी दौरान इनकी मुलाकात प्रख्यात लिरिसिस्ट समीर से हुई। समीर को सपना की गायकी का अंदाज़ बहुत पसंद आया था। समीर ने सपना की मुलाकात संगीतकार जोड़ी आनंद-मिलिंद से कराई।
आनंद-मिलिंद को भी सपना की आवाज़ पसंद आई और उन्होंने अपनी फिल्म दुश्मनी में सपना से एक गाना रिकॉर्ड कराया। ये गाना था बन्नो तेरी अंखियां सुरमेदानी। इस तरह बॉम्बे जाकर सपना अवस्थी ने सबसे पहले बन्नो तेरी अंखियां सुरमेदानी गाना रिकॉर्ड किया। ये गीत आज भी लोगों की ज़ुबान पर चढ़ा हुआ है। शादियों में ये गीत ना बजे ऐसा हो ही नहीं सकता।
ये है Sapna Awasthi का पहला रिलीज़्ड गीत
आपको जानकर हैरानी होगी कि सबसे पहले रिकॉर्ड करने के बावजूद भी ये गीत सपना अवस्थी का पहला रिलीज़्ड गीत नहीं है। दरअसल, किन्हीं वजहों से ये फिल्म अपनी तय तारीख पर रिलीज़ नहीं हो पाई थी। इस गीत को रिकॉर्ड करने के बाद सपना अवस्थी समीर की मदद से संगीतकार जोड़ी नदीम-श्रवण से मिली।
नदीम श्रवण भी इनकी आवाज़ के कायल हो गए। नदीम-श्रवण ने अपनी फिल्म इक्का राजा रानी में इनसे एक गीत रिकॉर्ड कराया जिसके बोल थे मेरे सावरे सांवरिया। इस गीत में बाली ब्रह्मभट्ट के साथ सपना ने जुगलबंदी की थी।
इसके बाद नदीम-श्रवण ने ही क्रांति क्षेत्र नाम की एक और फिल्म में इनसे एक गीत गवाया जिसके बोल थे मालन थारा बाग में। इन दो गीतों के बाद जाकर रिलीज़ हुआ था इनका पहला गाना बन्नो तेरी अंखियां। इस तरह इनका पहला गाना ही इनके करियर का तीसरा गाना भी माना जाता है।
सपना के प्रमुख गीत
अपने करियर में सपना अवस्थी ने कई ऐसे गाने गाए जिसके लिए वो एकदम से लोगों के बीच चर्चाओं में आ गई। फिल्म राजा हिंदुस्तानी का गीत परदेसी परदेसी यूं तो अल्का यागनिक और उदित नारायण ने गाया है। लेकिन गीत के शुरू में आपको जो एक लोक गायक की आवाज़ सुनाई देती है वो आवाज़ सपना अवस्थी जी की ही है।
इसके बाद सपना जी का गाया शूल फिल्म का गीत मैं आई हूं यूपी बिहार लूटने आज भी शिल्पा की पहचान बना हुआ है। इस गीत को सपना अवस्थी जी ने ही गाया था। सपना फिल्मों और ढेरों एलबम्स में एक से बढ़कर एक गीत का चुकी हैं। लेकिन सपना जी को सफलता के शीर्ष पर पहुंचाया ए आर रहमान के गीत छैंया छैंया ने जो कि दिल से फिल्म का एक बड़ा ही सुपरहिट गीत था।
मज़ेदार है छैंया छैंया गीत मिलने की कहानी
छैंया छैंया गाना सपना अवस्थी को कैसे मिला इसके पीछे की कहानी भी काफी रोचक है। दरअसल, एक दिन सपना जी के पास एक फोन आया। फोन करने वाले व्यक्ति ने सपना जी से कहा कि ए आर रहमान अपने एक गीत के लिए आपकी वॉइस लेना चाहते हैं। आपको चेन्नई आना पड़ेगा क्योंकि ए आर रहमान अपने सभी गीत चेन्नई में ही रिकॉर्ड करते हैं।
सपना जी को लगा कि किसी ने उनके साथ मज़ाक किया है। रहमान साहब एक बहुत बड़ी हस्ती हैं। वो भला उन्हें क्यों बुलाएंगे। लेकिन सपना जी के पति कार्तिक अवस्थी ने कहा कि तुम्हें एक बार चेन्नई जाकर देख लेना चाहिए। क्या पता सच में रहमान साहब तुमसे गवाना चाह रहे हों। मज़ाक निकला तो कोई बात नहीं। टिकट का खर्चा ही तो बर्बाद जाएगा।
आज तक हिट है छैंया छैंया
पति की बात मानकर सपना अवस्थी चेन्नई पहुंच गई। एयरपोर्ट से ए आर रहमान के मैनेजर सपना अवस्थी को लेकर सीधे उनके स्टूडियो पहुंचे। वहां पहले से ही गुलज़ार साहब मौजूद थे। गुलज़ार साहब को वहां देखकर सपना अवस्थी को ये समझने में देर ना लगी कि उन्होंने ही ए आर रहमान से कहा होगा कि ये गीत सपना अवस्थी से गवाया जाए। सपना
अवस्थी ने रहमान साहब के स्टूडियो में रिकॉर्डिंग की। उसके बाद आज तक छैंया छैंया गीत लोगों की ज़ुबान पर चढ़ा हुआ है। सपना अवस्थी आज भी उस गीत को अपने करियर का सबसे शानदार गीत मानती हैं।
ऐसे खत्म हुई बॉलीवुड में दिलचस्पी
सपना अवस्थी अपने करियर के दौरान नदीम-श्रवण की बहुत बड़ी फैन रही हैं। वो कहती हैं कि उनके करियर को बनाने में नदीम श्रवण का बहुत बड़ा योगदान रहा है। ये नदीम श्रवण ही थे जिन्होंने उन पर भरोसा जताया था और जिन्होंने उन्हें उनके करियर की शुरूआत में एक से बढ़कर एक गाने दिए। गुलशन कुमार मर्डर केस के बाद जब नदीम सैफी को मुंबई पुलिस तलाश रही थी तो नदीम-श्रवण की जोड़ी टूट गई।
उसके बाद से ही सपना अवस्थी ने भी फिल्मों में गाने को तरजीह देना बहुत कम कर दिया। इन्होंने फिल्मों में गाने तो गाए। लेकिन इस जोड़ी के टूटने के बाद बॉलीवुड में सपना अवस्थी की दिलचस्पी खत्म होती चली गई। हालांकि प्राइवेट एल्बम्स में सपना ने ढेरों गीत गाए और उनके गीत खूब हिट भी हुए।
Rapper Badshah संग गाना चाहती हैं Sapna Awasthi
सपना अब गायकी में कम ही एक्टिव हैं। हालांकि समय-समय पर हमें उनके गीत सुनने को मिलते रहते ही हैं। एक इंटरव्यू में सपना अवस्थी जी ने कहा है कि वो रैपर बादशाह के साथ कोई गीत ज़रूर गाना चाहती हैं। ये उनकी दिली ख्वाहिश है और अगर कोई उन्हें ये मौका देगा तो वो इसे बिल्कुल भी नहीं छोड़ना चाहेंगी।
सपना अवस्थी का निज़ी जीवन
सपना जी की निज़ी ज़िंदगी के बारे में बात करें तो ये तो हम आपको बता ही चुके हैं कि इनके पति का नाम कार्तिक अवस्थी है और कार्तिक भी एक गीतकार हैं। हम तुम्हारे हैं सनम फिल्म का सुपरहिट फिल्म कभी बंधन जुड़ा लिया सपना जी के पति कार्तिक अवस्थी ने ही लिखा है।
सपना जी की आवाज़ से सजा ये गीत संगीत प्रेमियों को बेहद पसंद आया था। सपना जी और कार्तिक जी की एक बेटी भी है जिनका नाम पंखुड़ी अवस्थी है। हालांकि लोग उन्हें किनिशा अवस्थी के नाम से जानते हैं। किनिशा एक मॉडल और एक्ट्रेस हैं। साथ ही साथ किनिशा वीडियो जॉकिंग भी करती हैं।
सपना अवस्थी को Meerut Manthan का सैल्यूट
सपना अवस्थी अब संगीत जगत में बहुत ज़्यादा एक्टिव नहीं नज़र आती हैं। लेकिन उन्होंने जो गीत गाए हैं वो उनके नाम को अमर पहले ही कर चुके हैं। Meerut Manthan ईश्वर से प्रार्थना करता है कि सपना अवस्थी जी फिर से संगीत की दुनिया में सक्रिय हों। ताकि उनके फैंस को एक बार फिर से उनकी खनकती आवाज़ सुनाई दे। Meerut Manthan सपना अवस्थी जी को सैल्यूट करता है। जय हिंद।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें