Big Show | WWE का वो नामी Wrestler जिसने कड़े संघर्ष के बाद बनाया अपना मुकाम | Biography
Big Show. इस नाम से हर वो इंसान बहुत अच्छी तरह से वाकिफ होगा जो WWE का फैन रह चुका होगा। 90 के दशक में जब भारत में केबल टीवी की शुरुआत हुई थी तब अचानक से युवाओं के बीच WWE फाइट देखने का क्रेज़ चढ़ने लगा था।
और ऐसे में कुछ पहलवान भारत में लोकप्रिय होने लगे थे। उनमें से एक नाम था बिग शो जो अपनी भारी भरकम काया की वजह से चर्चा का विषय बन गए थे।
| Big Show WWE Wrestler Biography - Photo: Social Media |
लेकिन Big Show अब कहां हैं? डब्ल्यू डब्ल्यू ई से रिटायर होने के बाद बिग शो अब क्या करते हैं? चलिए Big Show के बारे में कुछ दिलचस्प बातें जानते हैं।
Big Show का शुरुआती जीवन
बिग शो अमेरिका के साउथ कैरोलीना के रहने वाले हैं। यहीं पर 8 फरवरी 1972 को बिग शो का जन्म हुआ था। इनका असली नाम पॉल डोनल्ड वाइट है। पैदाइश के साथ ही बिग शो एक्रोमिगेली नाम की बीमारी का शिकार हो गए थे।
इस बीमारी में शरीर के कुछ अंग अप्रत्याशित तरीके से बढ़ने लगते हैं। बिग शो का लंबा-चौड़ा कद इसी बीमारी की देन है। बिग शो की हाइट लगभग 7 फीट है। लेकिन जब वो महज़ 12 साल के ही थे तो उनकी हाइट छह फीट दो इंच हो चुकी थी।
बीमारी से फायदा भी मिला
यूं तो इस बीमारी की वजह से बिग शो उर्फ पॉल वाइट को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। लेकिन इन्हें एक बड़ा फायदा भी इस बीमारी के चलते हो गया। छोटी उम्र में ही ये अपने स्कूल की बास्केटबॉल टीम का हिस्सा बन गए।
बास्केटबॉल के अलावा अमेरिकन फुटबॉल में भी बिग शो ने खुद को आज़माया। हालांकि बाद में कोच से विवाद होने के चलते बिग शो ने अमेरिकन फुटबॉल खेलना बंद कर दिया। लेकिन अपनी टीम के लिए वो चियरलीडिंग ज़रूर करते रहे।
कई नौकरियों से रेसलिंग तक
स्कूलिंग कंप्लीट करने के बाद बिग शो ने कई जगह बाउंसर के तौर पर नौकरी की। कुछ वक्त तक इन्होंने पुलिस के सहयोगी के तौर पर भी काम किया। और थोड़े से समय के लिए ये एक कंपनी में कॉल आंसरिंग की नौकरी पर भी गए।
पर चूंकि बिग शो की किस्मत को उन्हें डब्ल्यू डब्ल्यू ई की तरफ लाना था तो ये सभी नौकरियां कुछ वक्त के बाद छूटती चली गई। बिग शो की आखिरी नौकरी एक काराओके कंपनी में थी।
और इसी नौकरी के दौरान बिग शो की मुलाकात डैनी बोनाड्यूस नाम के एक शख्स से हुई जो एक रेडियो प्रजेंटर और एक्टर है। उस शख्स की मदद से ही बिग शो की जान-पहचान रैसलिंग जगत के कुछ बड़े नामों से हुई।
और आखिरकार बिग शो को पहली दफा वर्ल्ड चैंपियनशिप रैसलिंग यानि WCW में फाइट करने का मौका मिला। इसके बाद तो बिग शो ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा।
वैसे यहां आपको ये बताना ज़रूरी है कि रैसलिंग करियर की शुरुआत में बिग शो ने द जाइंट नाम से कुश्तियां लड़ी थी। उस वक्त कुछ लोगों ने कहना शुरू कर दिया था कि द जाइंट एक ज़माने के धाकड़ रैसल आंद्रे द जाइंट के बेटे हैं। हालांकि बाद में ये गलतफहमी दूर हो गई थी।
WWE में Big Show
साल 1999 में बिग शो WWF का हिस्सा बने। और यही वो वक्त था जब मैंने पहली दफा बिग शो को टैन स्पोर्ट्स नाम के चैनल पर कुश्ती लड़ते देखा था। हालांकि WWF में इनकी शुरुआत इनके असली नाम पॉल वाइट से ही हुई थी।
लेकिन बाद में इन्होंने बिग शो नाम से फाइट लड़ना शुरू कर दिया। और उसके बाद तो बिग शो ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। बिग शो ने अपने दौर के लगभग हर बड़े नाम के साथ फाइट की। वो कई दफा हारे और कई दफा जीते।
कई बड़े टाइटल्स उन्होंने अपने नाम किए। फिर साल 2021 में बिग शो ने WWE छोड़ दी। आजकल वो ऑल इलीट रेसलिंग में कमेंट्री करते दिखाई देते हैं। हालांकि यहां उन्होंने कुछ मुकाबले भी लड़े हैं। लेकिन अब वो अधिकतर कमेंट्री ही करते हैं।
बिग शो से जुड़े कुछ दिलचस्प फैक्ट्स
चलिए अब आपको बिग शो के बारे में कुछ दिलचस्प फैक्ट्स भी बता देते हैं। बिग शो इतने विशाल हैं कि उन्हें अपने लिए 22 नंबर का जूता खरीदना पड़ता है। और ये जूता उनके लिए विशेषतौर पर बनाया जाता है।
बिग शो की छाती का साइज़ 64 इंच है। साल 1998 में बिग शो को पुलिस ने इसलिए गिरफ्तार कर लिया था क्योंकि एक होटल रिसेप्सनिस्ट ने बिग शो पर इल्ज़ाम लगाया था कि वो उसके सामने नंगे हो गए थे। हालांकि अदालत से बिग शो बाइज्ज़त बरी हो गए थे।
लेकिन इसके बाद उन्होंने अपनी खुद की एक वैनिटी वैन खरीद ली और होटल्स में रुकना ही बंद कर दिया। वो कहीं भी जाते हैं, अपनी वैनिटी वैन में ही सोते हैं। बिग शो ने कई फिल्मों और टीवी शोज़ में काम किया है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें