Rajeev Khandelwal | वो Actor जो कभी टीवी जगत का स्टार था | Biography
Rajeev Khandelwal. एक ऐसा एक्टर जो किसी ज़माने में टीवी जगत का बहुत बड़ा नाम हुआ करता था। फिल्मों में भी इनका करियर ज़ोर-शोर से शुरू हुआ। लेकिन फिर अचानक ही इनकी कामयाबी का सूरज डूबना भी शुरू हो गया। राजीव खंडेलवाल। जो किसी ज़माने में लड़कियों के दिलों पर राज किया करते थे। लेकिन ग्लैमर वर्ल्ड में इनका ज़िक्र आज के दौर में कभी-कभार ही होता है।
![]() |
Rajeev Khandelwal Biography - Photo: Social Media |
Meerut Manthan पर आज बात की जाएगी Rajeev Khandelwal के बारे में। Rajeev Khandelwal के सिनेमाई सफर। और उनसे जुड़ी कुछ दिलचस्प बातें आज हम और आप जानेंगे।
Rajeev Khandelwal का शुरुआती जीवन
Rajeev Khandelwal का जन्म हुआ था 16 अक्टूबर 1975 को जयपुर में। इनके पिता सी.एल.खंडेलवाल इंडियन आर्मी में कर्नल थे। और वो चाहते थे कि राजीव भी सेना में जाएं। राजीव के बड़े भाई संजीव खंडेलवाल ने तो पिता के नक्शेकदम पर चलते हुए इंडियन आर्मी जॉइन भी कर ली।
राजीव के एक छोटे भाई राहुल खंडेलवाल भी हैं। इनकी माता का नाम है मिसेज विजय लक्ष्मी खंडेलवाल। राजीव की स्कूलिंग जयपुर के केंद्रिय विद्यालय से हुई। बाद में ग्रेजुएशन के लिए राजीव अहमदाबाद के सेंट ज़ेवियर्स कॉलेज गए। और वहां से इन्होंने कैमिस्ट्री की पढ़ाई की।
लेकिन बचपन से ही राजीव का सपना एक्टर बनने का था। इसलिए ये सारी पढ़ाई तो वो सिर्फ अपने माता-पिता का दिल रखने के लिए कर रहे थे। एक्टर बनने के इनके ख्वाब से जब इनके पिता रूबरू हुए तो उन्हें इन पर बड़ा गुस्सा आया।
उन्होंने राजीव से कहा कि अगर आर्मी में नहीं जाना चाहते तो कम से कम यूपीएससी की तैयारी कर लो। लेकिन ये फिल्मों का चक्कर छोड़ दो। मगर राजीव पर तो एक्टिंग का जुनून कुछ ऐसा चढ़ा हुआ था कि इन्होंने पिता से साफ कह दिया कि ये और कुछ करना ही नहीं चाहते हैं। ये सुनकर पिता ने राजीव को घर छोड़कर जाने को कह दिया। राजीव भी अपना बैग उठाकर दिल्ली आ गए।
शुरू हो गया जीवन संघर्ष
दिल्ली आने के बाद जीवन में पहली दफा राजीव ने मुश्किल हालात देखे। जेब में ज़्यादा पैसे नहीं थे। इत्तेफाक से दिल्ली में उनके एक कज़िन का खुद का फ्लैट था। लेकिन उस फ्लैट में कुछ ड्राइवर्स रहा करते थे। राजीव ने दिल्ली में अपना पहला ठिकाना वहीं बनाया।
पेट भरने के लिए उन्होंने सड़क किनारे पेंटिंग्स बेचना शुरू कर दिया। पर कहते हैं ना, कि ख्वाब अच्छा और इरादा सच्चा हो तो रास्ता अपने आप बनने लगता है। किसी दोस्त की मदद से राजीव को एक डॉक्यूमेंट्री डायरेक्टर का असिस्टेंट बनने का मौका मिल गया।
राजीव उस डायरेक्टर के ऑफिस में ही रहने भी लगे। वहां राजीव ने खूब मन लगाकर काम किया। और कुछ ही महीनों में डॉक्यूमेंट्रीज़ की स्क्रिप्टिंग करना और उन्हें शूट करना सीखकर राजीव खुद भी एक डॉक्यूमेंट्री डायरेक्टर बन गए। राजीव की ज़िंदगी ट्रैक पर आने लगी।
और फाइनली वो दिन भी आया जब राजीव खंडेलवाल की बनाई एक डॉक्यूमेंट्री टीवी पर भी चली। और तब, यानि लगभग तीन साल बाद राजीव ने अपने घर फोन किया। बेटे को मिली पहली कामयाबी देख माता-पिता को तो खुश होना ही था। और उनकी ये खुशी उस वक्त और कई गुना बढ़ गई जब राजीव ने अपनी कमाई से उनके लिए एक कोर्डलैस फोन खरीदा।
यूं बना राजीव खंडेलवाल के लिए एक्टिंग की दुनिया का रास्ता
चलिए अब बात करते हैं कि राजीव एक्टिंग की दुनिया में कैसे आए। क्योंकि ये बात भी एकदम सही है कि कहां तो राजीव बचपन से एक्टर बनने का ख्वाब देखा करते थे। और कहां उनके जीवन में एक वक्त वो भी आया जब उन्हें लगने लगा था कि वो शायद कभी भी एक्टर नहीं बन पाएंगे।
वो ना तो मुंबई में किसी को जानते हैं। और ना ही उनके इतने सोर्स हैं कि वो किसी डायरेक्टर-प्रोड्यूसर से डायरेक्ट मिल लें। इसलिए राजीव मान ही चुके थे कि ये अब डॉक्यूमेंट्री डायरेक्टर के तौर पर ही अपनी पहचान बनाएंगे।
लेकिन जब किस्मत में एक्टर बनना लिखा ही था तो राजीव खुद ब खुद एक्टिंग की राह पर आ गए। और ये हुआ कैसे, चलिए ये भी जानते हैं। राजीव जब अपनी बनाई डॉक्यूमेंट्रीज़ को सेल करने के लिए टीवी चैनल्स वालों से मिल रहे थे तब बहुत से लोग इनकी पर्सनैलिटी से काफी इंप्रैस होने लगे थे।
राजीव को कुछ लोग ऐसे मिले जिन्होंने इनसे कहा कि तुम्हें मॉडलिंग करनी चाहिए। किस्मत से कुछ ब्रांड्स के लिए इन्हें एड शूट करने के ऑफर मिल गए। पैसों की ज़रूरत तो राजीव को थी ही। सो उन्होंने बिना देर किए वो सभी ऑफर्स लपक लिए। बस, यहीं से अभिनय जगत की राह राजीव खंडेलवाल के लिए खुद ब खुद बनती चली गई।
टीवी जगत के बड़े स्टार थे Rajeev Khandelwal
साल 1998 में राजीव खंडेलवाल को पहली दफा एक्टिंग करने का मौका मिला। ये दूरदर्शन का एक शो था जिसमें कई नामी कलाकार थे। इस शो का नाम था 'बनफूल'। राजीव इस शो में एक राजा बने थे। कहा जाता है कि इस शो के बाद एकता कपूर ने राजीव खंडेलवाल को अपने शो 'कहीं तो होगा' के लिए साइन कर लिया था।
लेकिन जाने किन वजहों से कहीं तो होगा शो की शूटिंग शुरू होने में सालों लग गए। नतीजा ये हुआ कि राजीव भी एक्टिंग से फिर से दूर हो गए। हालांकि मॉडलिंग वो बराबर कर रहे थे। साल 2002 में राजीव को क्या हादसा क्या हकीकत नाम के शो में एक छोटा सा, लेकिन निगेटिव रोल करने का मौका मिला। और इसके बाद ही फाइनली कहीं तो होगा शो की शूटिंग शुरू हो गई।
इस शो में राजीव के किरदार का नाम था सूजल। और राजीव और उनके काम को इस शो में बहुत ज़्यादा पसंद किया गया। आज भी कुछ लोग, खासतौर पर महिलाएं राजीव को सूजल के नाम से ही जानती हैं। फिर तो राजीव ने जीवन में कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। इन्हें ढेरों शोज़ के ऑफर्स मिलने लगे। इन्होंने कुछ बढ़िया शोज़ साइन भी किए।
2006 में राजीव डील या नो डील नाम के गेम शो की होस्टिंग करते नज़र आए। सीआईडी के कुछ एपिसोड्स में भी इन्होंने काम किया। और फिर 2006 में ही राजीव का शो लेफ्ट राइट लेफ्ट भी आया जिसमें ये कैप्टन राजवीर सिंह शेखावत के किरदार में दिखे थे। इस शो से तो राजीव टीवी जगत के बड़े स्टार बन गए।
राजीव का फिल्मी सफर
साल 2008 राजीव के जीवन में वो साल बनकर आया जब उनके बचपन का ख्वाब पूरा हो गया। इस साल राजीव की पहली फिल्म आमिर रिलीज़ हुई। फिल्म में राजीव के किरदार का नाम डॉक्टर आमिर अली था जिसे एक आतंकवादी अपने जाल में किसी तरह फंसा लेता है। वो आतंकवादी आमिर को ब्लास्ट करने के लिए ब्लैकमेल करता है। लेकिन आखिर में आमिर अपनी जान देकर लोगों की जान बचा लेता है।
इस फिल्म में राजीव खंडेलवाल का काम बहुत पसंद किया गया था। लेकिन दुर्भाग्यवश ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सकी। राजीव खंडेलवाल अपनी इस फिल्म के बारे में कहते हैं कि उन्होंने अपना काम पूरी ईमानदारी से किया था। ये प्रोड्यूसर्स की गलती थी कि वो फिल्म की मार्केटिंग सही से नहीं कर सके। अफवाहें कुछ ये भी उड़ी थी कि राजीव ने इस फिल्म में अपना पैसा लगाया था। लेकिन राजीव ने एक इंटरव्यू में इसे गलत बताया था।
और अस्त होने लगा Rajeev Khandelwal की किस्मत सूरज
आमिर के बाद राजीव खंडेलवाल ने शैतान, साउंडट्रैक, विल यू मैरी मी, टेबल नंबर 21 जैसी क्रिटिकली अक्लेम्ड फिल्मों में काम किया। इन सभी फिल्मों में राजीव का काम खूब पसंद किया गया था। पर चूंकि ये फिल्में कमर्शियली बहुत ज़्यादा सफल नहीं हो सकी थी तो राजीव के करियर पर इसका बुरा असर पड़ा। राजीव को बढ़िया ऑफर्स मिलने कम हो गए। कुछ फिल्में और आई जिनमें राजीव लीड रोल में दिखे। लेकिन ये सभी फिल्में भी बहुत ज़्यादा प्रभाव छोड़ने में सफल नहीं रही।
रीसेंटली राजीव जियो सिनेमा पर रिलीज़ हुई शाहिद कपूर की फिल्म ब्लडी डैडी में दिखे थे। यानि अब राजीव सपोर्टिंग कैरेक्टर निभाने लगे हैं। राजीव खंडेलवाल की बात हो तो उनके फेमस शो सच का सामना की बात तो करनी ही पड़ेगी। 2009 में एयर हुए इस शो के साथ काफी कंट्रोवर्सी भी हुई थी। हालांकि ये शो उस वक्त बहुत ज़्यादा चर्चाओं में रहा था। सेलिब्रिटीज़ इस शो में आकर अपने पर्सनल सीक्रेट्स को डिस्कस करते थे। इस शो का सीज़न 2 भी साल 2011 में आया था। हालांकि सीज़न 2 उतना ज़्यादा सफल नहीं रहा था।
पर्सनल लाइफ
चलिए अब बात करते हैं राजीव खंडेलवाल की पर्सनल लाइफ के बारे में। राजीव जब कहीं तो होगा शो में काम कर रहे थे तो आमना शरीफ से उनके अफेयर की बातें खूब होती थी। आमना उस शो में राजीव के अपोज़िट थी। राजीव और आमना दोनों ही अफेयर की खबरों को अफवाह बताते थे। साल 2011 में राजीव ने मंजरी कामतिकर से शादी कर ली थी। मंजरी और राजीव की मुलाकात मंजरी की बड़ी बहन ने कराई थी जो राजीव का पीआर संभालती थी।
पहली ही मुलाकात में राजीव को मंजरी पसंद आ गई थी। और लगभग डेढ़ साल तक डेटिंग करने के बाद इन दोनों ने शादी कर ली। राजीव और मंजरी की अभी तक कोई औलाद नहीं है। कहा जाता है कि राजीव ने एक लड़की को गोद लिया है। लेकिन ये बात पूरी तरह सही नहीं है। राजीव ने एक इंटरव्यू में बताया था कि वो सिर्फ उस लड़की की पढ़ाई का खर्च उठाते हैं। और वो साल 2005 से उस लड़की की मदद कर रहे हैं। उस लड़की के पिता नहीं हैं। वो अपनी मां के साथ रहती है। यानि गोद लेने वाली बात एकदम गलत है।
Rajeev Khandelwal को Meerut Manthan का सलाम
राजीव खंडेलवाल कुछ वेब सीरीज़ में भी नज़र आ चुके हैं। हक से, कोल्ड लस्सी और चिकन मसाला, मर्ज़ी, नक्सलबारी व मियां बीवी और मर्ज़ी नामक वेब सीरीज़ में राजीव अपने अभिनय के जौहर दिखा चुके हैं। राजीव मीडिया से बहुत ज़्यादा बात करना पसंद नहीं करते हैं। वो अपनी वाइफ व अपनी पर्सनलाइफ को हमेशा मीडिया की नज़रों से दूर रखते हैं।
ना ही उन्हें खुद हर वक्त मीडिया के कैमरों के सामने रहना पसंद है। यही वजह है कि डिजिटलाइजेशन के इस दौर में भी राजीव के बारे में बहुत कम खबरें आती हैं। लेकिन राजीव के हुनर को कोई नकार नहीं सकता। Meerut Manthan राजीव खंडेलवाल की अच्छी सेहत और बेहतर भविष्य के लिए ईश्वर से प्रार्थना करता है। जय हिंद।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें