Cuckoo Moray | वो Bollywood Dancer जिसने शोहरत की बुलंदियां देखी और पतन के गर्त में भी गिरी | Biography

Cuckoo Moray. बॉलीवुड की पहली ऐसी डांसर, जिसने 40 और 50 के दशक में हिंदी फिल्मों में कैबरे डांस नंबर को ज़रूरी बना दिया था। ये अपने दौर की सबसे महंगी डांसर थी। 

उस ज़माने में एक गाने पर डांस करने के लिए ये जितनी फीस लेती थी उतनी तो कोई और कलाकार सोच भी नहीं सकता था। इनकी फीस सुनकर कई दफा कुछ फिल्म प्रोड्यूसर्स इनसे काफी खफा भी हो जाते थे। लेकिन कुक्कू ने कभी किसी की नाराज़गी की कोई परवाह नहीं की।

cuckoo-moray-biography
Cuckoo Moray Biography - Photo: Social Media

Meerut Manthan आपको बताएगा Cuckoo Moray की कहानी। शानो-शौकत की ज़िंदगी गुज़ारने वाली Cuckoo Moray कैसे अपने आखिरी दिनों में भयानक मुफिलिसी की शिकार हुई? अपने कुत्तों को गाड़ी में घुमाने वाली कुक्कू क्यों आखिरी वक्त में दाने-दाने के लिए मोहताज़ हो गई थी? चलिए देखते हैं कुक्कू की पूरी कहानी।

ये भी पढ़ें: Bhagwan Dada Biography | वो जिसने बॉलीवुड को नाचना सिखाया, उन्हीं भगवान दादा की है ये कहानी

ऐसे फिल्मों में आई थी Cuckoo Moray

कुक्कू का जन्म हुआ था 4 फरवरी सन 1928 में एक एंग्लो-इंडियन परिवार में। डांस का शौक कुक्कू को बचपन में ही लग गया था। कम उम्र से ही कुक्कू ने एक डांसर बनने का ख्वाब देखना शुरू कर दिया था। कुक्कू चाहती थी कि एक दिन वो भारत की सबसे बड़ी डांसर बनें और ढेर सारा पैसा कमाएं। 

कुक्कू बड़ी हुई और उनकी ये ख्वाहिश पूरी भी हुई। साल 1946 में कुक्कू को पहली दफा एक फिल्म में काम करने का मौका मिला। इस फिल्म का नाम था अरब का सितारा। कुक्कू ने इस फिल्म में एक डांस नंबर किया था।

रबर गर्ल के नाम से मशहूर Cuckoo Moray

पहली ही फिल्म में कुक्कू ने इतना ज़बरदस्त डांस किया कि फिल्म इंडस्ट्री में हर तरफ कुक्कू के चर्चे होने लगे। कुक्कू को अपनी फिल्म में लेने के लिए प्रोड्यूसर्स ने उनके घर के बाहर लाइन लगा ली। 

कुक्कू के पास काम ही काम हो गया। उसके बाद तो कई बड़ी फिल्मों में कुक्कू ने काम किया। कुक्कू का डांसिंग स्टाइल कुछ ऐसा था कि लोगों ने इन्हें रबर गर्ल कहना शुरू कर दिया था।

सबसे महंगी डांसर थी Cuckoo Moray

कुक्कू को इतनी तेज़ी से शोहरत मिली कि इन्होंने फिल्म में एक गाने पर डांस करने के बदले में छह हज़ार रुपए बतौर फीस वसूलने शुरू कर दिए। ये रकम उस ज़माने में बहुत बड़ी रकम मानी जाती थी। 

फिल्म में कुक्कू का डांस नंबर रखने के लिए प्रोड्यूसर्स खुशी-खुशी कुक्कू को ये रकम दे दिया करते थे। हालांकि कुछ ऐसे भी थे जो कुक्कू की फीस को बहुत ज़्यादा मानते थे और इस वजह से कुक्कू से खफा भी रहते थे। 

कुक्कू के डांसिंग स्टाइल का जादू कुछ ऐसा चला था कि 50 के दशक की लगभग हर बड़ी फिल्म में एक कैबरे नंबर ज़रूर होता था।

दूसरों की खूब मदद करती थी Cuckoo Moray

कुक्कू एक ऐसी कलाकार थी जो दूसरों की मदद करने में कभी पीछे नहीं हटती थी। ये बात आपको शायद ही मालूम होगी कि प्राण साहब को बॉलीवुड में एक बड़ा अहम रोल कुक्कू मोरे की सिफारिश के बाद ही मिला था। 

इतना ही नहीं, कुक्कू मोरे जब एक बड़ी डांसिंग स्टार बन चुकी थी तब उन्होंने 10 साल की हेलेन को डांस करते हुए देखा था। हेलेन का डांस देखकर कुक्कू मोरे ने ही उन्हें फिल्मों में काम करने के लिए प्रेरित किया था। हेलेन ताउम्र कुक्कू की अहसानमंद रहीं।

कमाई थी खूब दौलत

अपने हुनर से कुक्कू ने खूब दौलत कमाई। उनके पास तीन मोटर गाड़ियां थी। एक गाड़ी से वे खुद चलती थी और एक गाड़ी उन्होंने अपने दोस्तों के लिए ली थी। जबकी एक गाड़ी में वो अपने कुत्तों को घुमाया करती थी। 

कुक्कू के पास मुंबई में अपना खुद का बंगला भी था और ढेर सारी ज्वैलरी भी थी। वहीं इनके ड्रैसिंग सेंस के भी लोग कायल थे। कुक्कू की ज़िंदगी बड़ी ही शानो-शौकत से गुज़र रही थी। लेकिन तभी कुक्कू की ज़िंदगी में एक ऐसे इंसान की एंट्री हुई जो शायद मनहूसियत का साया बनकर उनकी ज़िंदगी में आया था।

इश्क में बर्बाद हुई कुक्कू

बेशुमार दौलत, शोहरत और इज्ज़त कमा चुकी कुक्कू की ज़िंदगी में अगर किसी चीज़ की कमी थी तो वो था प्यार। एक डायरेक्टर ने जब कुक्कू की ज़िंदगी में ये कहकर दाखिला लिया कि वो उनके अकेलेपन को दूर कर देगा तो कुक्कू बेहद खुश हुई। कुक्कू ने भी अपना दिल उसे दे दिया। 

लेकिन देखा जाए तो यही कुक्कू की ज़िंदगी की भी सबसे बड़ी भूल साबित हुई। कुक्कू अपनी दौलत उस डायरेक्टर पर लुटाने लगी। इस तरह से लुटाने लगी कि धीरे-धीरे उसकी दौलत खत्म होने लगी और कुक्कू को इसका पता भी ना चला।

ऐसा भी हुआ था

कहा जाता है कि टैक्स चोरी के मामले में एक दफा कुक्कू पर आयकर विभाग का छापा पड़ा और उनकी ज़्यादातर प्रॉपर्टी ज़ब्त कर ली गई। और यहीं से कुक्कू का बुरा वक्त शुरू हो गया। बुरे वक्त में सबसे पहले कुक्कू का साथ छोड़ने वाला वही इंसान था जिससे कुक्कू ने प्यार किया था। 

दूसरी तरफ बॉलीवुड ने भी कुक्कू से मुंह फेरना शुरू कर दिया। कुक्कू को काम मिलना बंद हो गया और फिर इसी बीच कुक्कू को मालूम चला कि उन्हें कैंसर हो गया है।

ऐसा हाल हुआ था कुक्कू का

कुक्कू के आखिरी वक्त को याद करते हुए मशहूर हस्ती हेलेन कहती हैं कि हालात कितने भी बुरे क्यों ना रहे हों। लेकिन कुक्कू ने कभी भी अपनी ज़िंदादिली को छोड़ा नहीं। 

हर परिस्थिति में कुक्कू मुस्कारती रहती थी। कभी किसी ने उनकी आंखों में एक आंसू तक नहीं देखा। कुक्कू ये भी कहती थी कि आज वो जो भी भुगत रही हैं उसकी ज़िम्मेदार भी वो खुद ही हैं। 

जब उनके पास दौलत थी तो उन्होंने पानी की तरह पैसा बहाया। लेकिन एक वक्त ऐसा भी आया कि कुक्कू के पास दवाई खरीदने तक के पैसे नहीं थे।

बासी सब्जी खाने को हुई मजबूर

कभी फाइव स्टार होटल से खाना मंगाकर दोस्तों का पेट भरने वाली और बचा हुआ खाना फेंक देने वाली कुक्कू के दिन इतने बुरे आ गए थे कि उन्हें सब्जी वालों द्वारा फेंकी गई बासी और सड़ी हुई सब्जियों को खाकर पेट भरना पड़ रहा था। 

कैंसर के चलते कुक्कू की हालत दिन ब दिन खराब होती जा रही थी। वहीं पैसों की तंगी के कारण वो अपना इलाज करा पाने के काबिल भी नहीं थी।

और चली गई कुक्कू

30 सितंबर 1981. कैंसर से एक लंबी लड़ाई लड़ने के बाद आखिरकार कुक्कू ज़िंदगी की जंग हार गई। बॉलीवुड ने कुक्कू को किस तरह से भुलाया था इसका अंदाज़ा आप ऐसे लगाइए कि कुक्कू के कफन के लिए भी चंदा मांग कर पैसे जमा किए गए थे। 

उनकी आखिरी यात्रा में फिल्म जगत का कोई बड़ा नाम शरीक नहीं हुआ था। कभी बॉलीवुड का चमकदार चेहरा रही कुक्कू मोरे खामोशी के साथ अनंत की यात्रा पर चली गई। Meerut Manthan Cuckoo Moray जैसी महान Dancer को नमन करता है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

Anup Jalota | Bhajan Samrat से जुड़े आठ बड़े ही रोचक और Lesser Known Facts

Purab Aur Pachhim 1970 Movie Trivia | पूरब और पश्चिम फिल्म की मेकिंग से जुड़ी 15 अनसुनी व रोचक कहानियां

Shiva Rindani | 90s की Bollywood Movies में गुंडा बनने वाले इस Actor को कितना जानते हैं आप? | Biography