Shakti Kapoor | दिल्ली का वो बदमाश लौंडा जो इत्तेफाक से फिल्म इंडस्ट्री में आ गया | Biography

Shakti Kapoor. हिंदी सिनेमा का वो नाम जिससे केवल भारत ही नहीं बल्कि दुनिया भर के सिनेमा के जानकार अच्छी तरह से वाकिफ हैं। जहां एक तरफ इन्होंने अपनी विलेनी से लोगों को खूब डराया तो वहीं दूसरी तरफ अपनी कॉमेडी से इन्होंने दर्शकों को जमकर हंसाया भी। 

40 सालों से फिल्म इंडस्ट्री में एक्टिव शक्ति कपूर ने 700 से भी ज़्यादा फिल्मों में काम किया है। ना कोई जान पहचान और ना ही कोई गॉड फादर। लेकिन फिर भी शक्ति कपूर ना केवल बॉलीवुड में अपनी जगह बनाने में कामयाब रहे, बल्कि खुद का एक बड़ा मुकाम भी बनाया।

biography-of-bollywood-actor-shakti-kapoor
Biography of Bollywood Actor Shakti Kapoor - Photo: Social Media

Meerut Manthan आज आपको Shakti Kapoor की ज़िंदगी से रूबरू कराएगा। आज हम और आप Shakti Kapoor के फिल्मी सफर से रूबरू होंगे। और जानेंगे कि कैसे दिल्ली का ये लड़का मुंबई जाकर इतना बड़ा फिल्म स्टार बना।

ये भी पढ़ें: Manoj Pahwa Seema Pahwa Love Story | बहुत ड्रामों से भरी है भाटिया जी और Hum Log की बड़की की शादी की कहानी

Shakti Kapoor का शुरूआती जीवन

शक्ति कपूर का जन्म हुआ था 3 सितंबर 1952 को दिल्ली के करोल बाग इलाके में। इनके पिता का नाम सिकंदर लाल कपूर था। इनके पिता एक टेलर मास्टर थे और कनॉट प्लेस में ही उनकी खुद की एक दुकान थी। सिंकदर लाल कपूर ने अपने इस बेटे को नाम दिया था सुनील।

यानि शक्ति कपूर का असली नाम है सुनील कपूर। सिकंदर लाल कपूर अपने छोटे से घर में अपनी पत्नी और चार बच्चों के साथ खुशी-खुशी अपना जीवन गुज़ार रहे थे। लेकिन वो अपने बेटे सुनील यानि शक्ति कपूर से काफी परेशान थे।

तीन स्कूलों से निकाले गए थे Shakti Kapoor

शक्ति कपूर बड़े शरारती थे। स्कूल में इनका मन पढ़ाई में कम और बदमाशी करने में ज़्यादा लगता था। इनकी बेतहाशा शरारतों के चलते कई स्कूलों से इन्हें निकाला जा चुका था। जैसे तैसे इन्होंने 12वीं पास की और स्पोर्ट्स कोटे से इन्हें दिल्ली के किरोड़ीमल कॉलेज में दाखिला मिल गया।

शक्ति कपूर बचपन से ही क्रिकेट के बड़े शौकीन थे और ये बढ़िया क्रिकेट खेलते थे। ये क्रिकेट ही था जिसकी मदद से इन्हें किरोड़ीमल कॉलेज जैसे दिल्ली के टॉप कॉलेज में दाखिला मिला था।

जब कैप्टन की गर्लफ्रैंड से चला Shakti Kapoor का अफेयर

कॉलेज टीम से ये क्रिकेट खेल रहे थे और इनका बढ़िया नाम भी हो रहा था। लेकिन इसी दौरान टीम के कैप्टन की गर्लफ्रेंड से इनका अफेयर शुरू हो गया। ज

ब कैप्टन को इसकी भनक लगी तो उन्होंने ना केवल अपनी गर्लफ्रेंड से शक्ति कपूर को दूर किया बल्कि उन्हें कॉलेज की क्रिकेट टीम से भी निकलवा दिया।

इसके बाद शक्ति कपूर कॉलेज कम ही जाते और अपने पिता की फिएट कार लेकर अपने दोस्तों के साथ आवारगर्दी करने निकल जाते। उनकी इन हरकतों से पिता सिकंदर लाल कपूर बड़े नाराज़ और परेशान रहते थे। 

अक्सर बेटे शक्ति कपूर से उनका झगड़ा हो जाया करता था। लेकिन शक्ति कपूर पर कभी भी पिता की डांट का कोई फर्क नहीं पड़ा।

Shakti Kapoor को मिलने लगे मॉडलिंग के ऑफर्स

शक्ति कपूर जब कॉलेज में थे तभी उनके पास मॉडलिंग के ऑफर्स भी आने लगे थे। दरअसल, ये जिस पान की दुकान से सिगरेट खरीदकर पीते थे उसका मालिक अक्सर इनसे कहता था कि तुम्हें फिल्मों में काम करना चाहिए या फिर मॉडलिंग करनी चाहिए। 

किस्मत ने साथ दिया और एक दिन इन्हें जलाल आग़ा ने सूर्यावंशी शूटिंग्स नाम के एक क्लोदिंग ब्रांड का एड शूट करने का मौका दिया। 

इसके बाद कई और मॉडलिंग प्रोजेक्ट्स इन्हें मिले और उन प्रोजेक्ट्स से इनकी इतनी कमाई हो जाती थी कि ये दोस्तों के साथ मस्ती कर सकें। इन रुपयों को ये दोस्तों संग शराब और सिगरेट में उड़ा दिया करते थे।

ट्रैवल एजेंसी खोलना चाहते थे Shakti Kapoor

जैसे-तैसे जब कॉलेज खत्म हुआ तो इनके पिता को इनके भविष्य की चिंता होने लगी। इनके पिता ने इनसे कहा कि तुम मेरी दुकान का आधा हिस्सा ले लो और उसमें अपनी ट्रैवल एजेंसी खोल लो। 

शक्ति कपूर को ट्रैवल एजेंसी में काम करने का तजुर्बा था क्योंकि कॉलेज के दिनों में ये कुछ महीनों के लिए एक ट्रैवल एजेंसी में काम कर चुके थे और अक्सर घर पर कहते थे कि ये अपनी खुद की ट्रैवल एजेंसी खोलेंगे।

शक्ति कपूर अपनी ट्रैवल एजेंसी शुरू करने ही वाले थे कि तभी अचानक इनके पिता ने इन्हें अपनी दुकान में आधी जगह देने से साफ इन्कार कर दिया। शक्ति कपूर हैरान रह गए और सोच में पड़ गए कि अब वो करें तो आखिर करें क्या।

ऐसे FTII पहुंचे Shakti Kapoor

शक्ति कपूर को समझ नहीं आ रहा था कि अब उन्हें क्या कदम लेना है। भविष्य का सवाल था और ये उनकी ज़िंदगी का सबसे अहम वक्त था। इसी दौरान इन्हें मालूम चला कि इनके दोस्त FTII Pune में एडमिशन लेने की तैयारी कर रहे हैं और उसका फॉर्म भर रहे हैं। दोस्तों को ऐसा करते देख इन्होंने भी वो फॉर्म भर दिया।

ये सोचकर कि अगर दाखिला ना भी मिला तो कम से कम पुणे घूमने का मौका तो मिलेगा ही। दोस्तों के साथ ये पुणे पहुंचे और इत्तेफाक से इनके किसी दोस्त का एडमिशन तो FTII में नहीं हुआ, लेकिन इन्हें ज़रूर FTII में चुन लिया गया। यही वो वक्त था जब शक्ति कपूर को अहसास हुआ कि किस्मत ने उनके लिए क्या प्लान किया है।

ट्रेन में अनिल वर्मा से हुई Shakti Kapoor की दोस्ती

FTII में दाखिला मिलने के बाद महज़ 700 रुपए लेकर ये ट्रेन से दिल्ली से मुंबई के लिए चल पड़े। इनका प्लान था कि पहले मुंबई जाएंगे और फिर वहां से पुणे जाएंगे। जिस ट्रेन से ये मुंबई जा रहे थे इत्तेफाक से उसी ट्रेन में अनिल वर्मा भी थे और वो भी FTII ही जा रहे थे।

ट्रेन में इन दोनों की अच्छी दोस्ती हो गई और अनिल वर्मा ने इन्हें सलाह दी कि मुंबई में किसी लॉज में रुकने की जगह तुम मेरे साथ मेरी बहन के घर चलो। शक्ति कपूर ने इनकी बात मान ली और ये अनिल वर्मा के साथ उनकी बहन के घर पहुंच गए। लेकिन जैसे ही ये अनिल वर्मा की बहन के घर पहुंचे तो हैरान रह गए।

विनोद खन्ना से हुआ याराना

इन्होंने देखा कि अनिल वर्मा की बहन के घर विनोद खन्ना, राकेश रोशन और राजेश रोशन जैसे बड़े सितारे मौजूद थे। शक्ति कपूर ने जब अनिल वर्मा से इसके बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि उनकी बहन की शादी विनोद खन्ना के भाई प्रमोद खन्ना से हुई है। इसिलिए ये सितारे यहां आए हैं।

शक्ति कपूर यहां इन सितारों के साथ काफी घुल मिल गए और विनोद खन्ना संग तो इनका तगड़ा याराना हो गया। विनोद खन्ना शक्ति कपूर के इतने मुरीद हुए कि FTII पुणे तक वो खुद इन्हें और अनिल वर्मा को अपनी कार से छोड़कर आए।

मिथुन चक्रवर्ती ने लगाई थी Shakti Kapoor की क्लास

FTII में आने के बाद भी शक्ति कपूर ने अपना पुराना रवैया नहीं छोड़ा और वो यहां भी शराब और सिगरेट खूब पीते थे। कई दफा तो कॉलेज कैंपस में भी इन्हें शराब पीते देखा गया। 

मिथुन चक्रवर्ती जो कि FTII में इनके सीनियर थे, जब उन्हें मालूम चला कि एक फ्रैशर कैंपस में ऐसी हरकत कर रहा है तो उन्होंने शक्ति कपूर को बुलाया और एक कमरे में लेकर गए।

कहा जाता है कि वहां पर मिथुन दा ने शक्ति कपूर को थोड़ा बहुत पीटा भी था। मिथुन ने इन्हें चेतावनी दी कि ये कभी भी FTII कैंपस में ऐसी हरकत फिर ना करें। 

मिथुन दा की इस चेतावनी से शक्ति कपूर काफी घबरा गए। अगले चार दिनों तक इन्होंने खुद को कमरे में बंद कर लिया। हालांकि बाद में कैंपस में ही इनकी और मिथुन की अच्छी दोस्ती हो गई थी।

ये थी Shakti Kapoor की पहली फिल्म

मिथुन जब FTII से पास आउट होकर मुंबई आ गए तो ये अक्सर उनसे मिलने मुंबई आ जाते और मिथुन के घर पर ही रहा करते थे। इसी दौरान मुंबई में इन्हें कुछ और विज्ञापनों में काम करने का मौका मिला। 

फिर "खेल खिलाड़ी का"नाम की एक फिल्म में इन्हें एक छोटा सा रोल मिला। इस फिल्म में धर्मेंद्र और शबाना आज़मी थे। ये फिल्म तो नहीं चली लेकिन शक्ति कपूर के उस छोटे से रोल को लोगों ने पसंद किया। 

शक्ति कपूर जब FTII से पास आउट होकर मुंबई आए तो विनोद खन्ना ने इन्हें फ्री में एक जगह रहने के लिए दे दी और ये तकरीबन छह साल तक यहीं पर रहे। इस दौरान ये एड फिल्मों में काम भी कर रहे थे।

फिरोज़ खान ने बदली शक्ति कपूर की किस्मत

इन फिल्मों से इन्हें जो कमाई हुई उसमें से कुछ रुपए बचाकर इन्होंने एक सैकेंड हैंड फिएट कार खरीद ली। एक दिन ये अपनी इसी फिएट कार से कहीं जा रहे थे कि इनका एक्सीडेंट एक मर्सिडीज़ के साथ हो गया। 

शक्ति कपूर काफी गुस्से में अपनी फिएट से बाहर निकले। ये सोचकर कि अगर इस मर्सिडीज़ वाले ने उनकी कार में हुए नुकसान को नहीं चुकाया तो वो इसको मारेंगे।

मर्सिडीज़ के ड्राइवर से इनकी कुछ देर बहस भी हुई। लेकिन जब इन्होंने देखा कि उस मर्सिडीज़ कार में से फिरोज़ खान उतर रहे हैं तो इनका सारा गुस्सा खत्म हो गया। 

शक्ति कपूर उनसे पैसों की जगह किसी फिल्म में रोल मांगने लगे। इसके बाद फिरोज़ खान से इनकी अच्छी जान पहचान हो गई और फिरोज़ खान ने इन्हें दरवाज़ा, अलीबाबा मरजीना सहित कई फिल्मों में काम दिलाया।

ऐसे सुनील कपूर से बने Shakti Kapoor

सुनील कपूर से ये शक्ति कपूर कैसे बने ये कहानी भी काफी रोचक है। दरअसल, महान सुनील दत्त साहब ने इन्हें अपने बेटे संजय दत्त की डेब्यू फिल्म रॉकी में कास्ट किया था। 

एक दिन दत्त साहब ने इनसे कहा कि तुम एक बढ़िया एक्टर हो और विलेन के रोल में जमते हो। लेकिन तुम्हारा नाम तुम्हारे काम से मैच नहीं करता। क्यों ना तुम अपना नाम सुनील से बदलकर शक्ति रख लो। 

दत्त साहब का ये आइडिया सुनील कपूर को भी पसंद आया और इस तरह ये सुनील कपूर से बन गए शक्ति कपूर।

और बदल गई शक्ति कपूर की किस्मत

जहां पहले रॉकी में सुनील कपूर यानि शक्ति कपूर को एक छोटा सा रोल दिया गया था वहीं बाद में सुनील दत्त साहब इनसे इतना इंप्रैस हुए कि उन्होंने इन्हें रॉकी में एक मजबूत और बड़ा किरदार दिया। 

जब रॉकी रिलीज़ हुई तो फिल्म इंडस्ट्री ये समझ गई कि शक्ति कपूर में काफी पॉटेंशियल है और वो एक बढ़िया कलाकार है। इसके बाद तो मानो शक्ति कपूर की किस्मत पूरी तरह से पलट गई। 

प्रकाश मेहरा और मनमोहन देसाई जैसे दिग्गज डायरेक्टर्स ने इन्हें अपनी फिल्मों में काम देना शुरू कर दिया और देखते ही देखते शक्ति कपूर भारत में एक जाना-पहचाना नाम और चेहरा बन गए।

कादर खान के साथ खूब जमी जोड़ी

शुरू में विलेनी करने के बाद इन्होंने कॉमेडी रोल्स करने भी शुरू कर दिए। कादर खान और इनकी जोड़ी बॉलीवुड की सबसे हिट जोड़ियों में से एक थी। राजा बाबू के नंदू के किरदार को याद करके तो आज भी लोग मुस्कुराने लग जाते हैं। 

वहीं अंदाज़ अपना अपना में क्राइम मास्टर गोगो का रोल निभाकर तो इन्होंने अपना नाम बॉलीवुड के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में लिखवा दिया।

इस बात से काफी कम लोग वाकिफ होंगे कि ज़ख्मी इंसान नाम की एक फिल्म में ये हीरो भी बने थे। लेकिन ये फिल्म इतनी बुरी तरह फ्लॉप हुई कि इसके बाद फिर दोबारा कभी शक्ति कपूर ने हीरो का रोल ना करने की कसम खा ली।

शक्ति कपूर की निजी ज़िंदगी

शक्ति कपूर की निजी ज़िंदगी के बारे में बात करें तो इन्होंने शिवांगी कोल्हापुरे से शादी की है। शिवांगी कोल्हापुरे 80 और नब्बे के शुरूआती सालों का बड़ा नाम रह चुकी अभिनेत्री पद्मिनी कोल्हापुरे की बहन हैं। 

एक फिल्म में शिवांगी और शक्ति साथ काम कर रहे थे और इसी दौरान इन दोनों की नज़रें चार हुई। लेकिन शक्ति संग शिवांगी का रिश्ता शिवांगी के माता-पिता को ज़रा भी पसंद नहीं आया। 

वो शक्ति कपूर को अच्छा इंसान नहीं मानते थे। शिवांगी के माता-पिता ने उनके घर से बाहर निकलने पर पाबंदी लगा दी और उन पर हमेशा नज़र रखी जाने लगी।

ऐसे हुई शिवांगी कोल्हापुरे से शादी

एक दिन जब शिवांगी को मौका मिला तो वो अपने घर से भागकर सीधा शक्ति कपूर के पास जा पहुंची। उसके बाद इन दोनों ने शिवांगी के माता-पिता की मर्ज़ी के खिलाफ जाकर शादी कर ली।

शिवांगी के माता-पिता इससे काफी नाराज़ हुए और उन्होंने अपनी बेटी से अपने सारे रिश्ते खत्म कर लिए। हालांकि जब शक्ति कपूर का बेटा सिद्धांत कपूर पैदा हुआ तो उनकी नाराज़गी खत्म हो गई और उन्होंने शक्ति कपूर को अपना दामाद स्वीकार कर लिया।

लता मंगेशकर के दामाद लगते हैं शक्ति कपूर

काफी कम लोग इस बात से वाकिफ हैं कि शक्ति कपूर की पत्नी शिवांगी और महान गायिका लता मंगेशकर आपस में रिश्तेदार हैं। दरअसल, शिवांगी कोल्हापुरे के पिता पंडित पंढारीनाथ कोल्हापुरे लता मंगेशकर के चचेरे भाई थे। इस तरह शक्ति कपूर रिश्ते में लता मंगेशकर के दामाद लगते हैं।

विवादों से भरा है इनका जीवन

शक्ति कपूर का जीवन कई विवादों से भी भरा रहा है। साल 2000 में इनकी एक फिल्म रिलीज़ हुई थी जिसका नाम था मेरे आग़ोश में। इस फिल्म में शक्ति कपूर के कुछ बेहद आपत्तिजनक सीन्स थे।

उन सीन्स में नज़र आने वाली महिला टॉपलैस थी और शक्ति कपूर उस पर रेप अटेंप्ट कर रहे थे। इन सीन्स के सामने आने के बाद काफी विवाद हुआ था और शक्ति कपूर की काफी फज़ीहत भी हुई थी।

स्टिंग ऑपरेशन में हुए थे बेनकाब

2005 में इंडिया टीवी ने एक स्टिंग ऑपरेशन जारी किया था जिसमें शक्ति कपूर एक एक्ट्रेस को अपने साथ फिजिकली इंटीमेट होने के लिए कहते हुए नज़र आए थे। 

इसके बदले में शक्ति उस एक्ट्रेस को फिल्म में काम दिलाने का वादा करते हैं। इस स्टिंग के सामने आने के बाद तो शक्ति कपूर की ज़िंदगी मानो उथल-पुथल हो गई थी। उनकी खूब फज़ीहत हुई थी।

प्रीति जिंटा ने की थी बैन करने की मांग

उस वक्त शक्ति कपूर ने अपनी सफाई में काफी कुछ कहा था। लेकिन उनकी कही बातें उनके काम ना आ सकी। शक्ति कपूर ने उस दौरान फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कुछ लोगों के नाम भी लिए। 

इनमें से एक थी प्रीति जिंटा। जवाब में प्रीति जिंटा ने कहा कि शक्ति कपूर वास्तविक जीवन में भी एक विलेन हैं और ऐसे इंसान को फिल्म इंडस्ट्री में पूरी तरह से बैन कर देना चाहिए।

शक्ति कपूर के टैलेंट को सैल्यूट

अब शक्ति कपूर 68 साल के हो चुके हैं। वो अभी भी फिल्म इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। उनकी फिल्म हंगामा 2 इसी साल रिलीज़ होनी है। हंगामा 2 के अलावा भी उनके कुछ प्रोजेक्ट्स हैं जिन पर वो काम कर रहे हैं। 

उनकी बेटी श्रद्धा कपूर आज बॉलीवुड का बड़ा नाम बन चुकी हैं। हालांकि उनका बेटा उनकी तरह कामयाब नहीं हो पाया। शक्ति कपूर से जुड़े विवादों को अगर थोड़ी देर के लिए भुला दिया जाए तो ये कहने में कोई गुरेज़ नहीं है कि शक्ति कपूर एक बेहद टैलेंटेड एक्टर हैं। 

हिंदी सिनेमा में उनके जैसा कलाकार कभी दोबारा नहीं आएगा। मेरठ मंथन शक्ति कपूर के टैलेंट की कद्र करता है और उन्हें सैल्यूट करता है। जय हिंद।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

Anup Jalota | Bhajan Samrat से जुड़े आठ बड़े ही रोचक और Lesser Known Facts

Purab Aur Pachhim 1970 Movie Trivia | पूरब और पश्चिम फिल्म की मेकिंग से जुड़ी 15 अनसुनी व रोचक कहानियां

Shiva Rindani | 90s की Bollywood Movies में गुंडा बनने वाले इस Actor को कितना जानते हैं आप? | Biography