कैसे V Shantaram को मजबूरी में फैसला लेना पड़ा था कि अब उन्हें Talkie Film बनानी ही पड़ेगी?

ये 1930 के आखिरी या 1931 के किसी शुरुआती महीने की बात होगी। प्रभात फिल्म कंपनी के ऑफिस एक बड़ी अजीब सी खबर पहुंची। उस वक्त वो खबर अजीब ही थी। 

खबर थी कि सिनेमा ने बोलना शुरू कर दिया। भारत में पहली दफा एक टॉकी फिल्म का प्रदर्शन किया जा रहा था। वो फिल्म थी "जैज़ सिंगर" जो साल 1927 में अमेरिका में रिलीज़ हुई थी। 

अब बॉम्बे के एक थिएटर में उसका प्रदर्शन चल रहा था। यहां एक नॉलेज हमें ये मिलती है कि भारत में दिखाई जाने वाली पहली टॉकी फिल्म वो अमेरिकन फिल्म थी। अल जोलसन नामक एक अमेरिकी एक्टर उस टॉकी फिल्म के हीरो थे।

why-v-shantaram-decided-to-make-a-talkie-film
Why V Shantaram decided to make a Talkie Film - Photo: Social Media

वी. शांताराम जी की बेटी मधुरा पंडित जसराज द्वारा लिखित बायोग्राफी "वी. शांताराम: द मैन हू चेंज्ड इंडियन सिनेमा" में लिखा है कि जब वी. शांताराम को जी को टॉकी फिल्म की जानकारी मिली तो वो बहुत खुश नहीं थे। उनका मानना था कि ये किसी स्टेज प्ले जैसी ही लगेगी। 

उस वक्त वी. शांताराम ने एक नए अखबार को दिए इंटरव्यू में कहा था,"टॉकी फिल्में अभी नई हैं। इसलिए लोग इन्हें लेकर उत्सुक हो रहे हैं। लेकिन जब इनका भूत उतरेगा तो कोई इन्हें देखना पसंद नहीं करेगा। भारत में कलात्मक साइलेंट फिल्मों का दौर खत्म नहीं हो सकता।" 

साइलेंट फिल्में बनाने के अपने हुनर पर वी. शांताराम को इतना विश्वास था कि उन्होंने व "प्रभात फिल्म कंपनी" के उनके पार्टनर्स ने "चंद्रसेना" नाम की एक फिल्म पर ज़ोरो-शोरों से काम शुरू किया। 

ये फिल्म 1931 की शुरुआत में रिलीज़ हुई थी। फिल्म को स्टूडियो में ही नहीं, आउटडोर लोकेशन्स पर भी शूट किया गया। अधिकतर आउटडोर शूटिंग कर्नाटक के हंपी में की गई थी। 

पिछली फिल्म "उदय काल" में वी. शांताराम ने "टू कैमरा सैटअप" का इस्तेमाल करके उस वक्त की फिल्म इंडस्ट्री को चौंका दिया था। "चंद्रसेना" में भी वी. शांताराम ने कुछ ऐसा ही किया था। या कहना चाहिए कि पिछली दफा से ज़्यादा चौंकाने वाला काम किया था। 

वी. शांताराम की बायोग्राफी में मधुरा पंडित जसराज लिखती हैं,"चंद्रसेना वो पहली भारतीय फिल्म थी जिसमें ट्रॉली शॉट लिया गया था। और वो शॉट वी. शांताराम के कलात्मक दृष्टिकोण और प्रयोग करने की उनकी आदत की वजह से संभव हो पाया था।" 

दरअसल, वी. शांताराम ने बॉम्बे के मिनर्वा थिएटर में "वैरायटी" नाम की एक जर्मन फिल्म देखी थी। उस फिल्म में कुछ ऐसे दृश्य थे जो वी. शांताराम को बहुत ज़्यादा पसंद आए थे। 

उन शॉट्स में कैमरा मूवमेंट और शॉट्स की स्पीड देखकर वी. शांताराम चकित रह गए थे। वो सोच में पड़ गए कि आखिर इन दृश्यों को शूट कैसे किया गया होगा? जब उन्होंने खोजबीन की तो पता चला कि वो ट्रॉली शॉट्स थे। वी. शांताराम ने तय किया कि अपनी अगली फिल्म में वो भी ट्रॉली शॉट्स लेंगे।

ट्रॉली बनाने के लिए वी. शांताराम ने चार साइकिलों को एक रस्सी से बंधवाया। फिर उन साइकिलों के उपर लड़की का एक तख़्ता फिट कराया गया। ज़मीन पर रेल की पटरियों जैसी चार लाइनें बिछवाई गई।

उन लाइनों के बीच में साइकिल के पहियों को रखा गया। और चार लड़कों को इस साइकिल वाली ट्रॉली को आगे-पीछे मूवमेंट देने का काम सौंपा गया। 

फिर उस ट्रॉली पर कैमरा रखा गया और अभ्यास शुरू कर दिया गया। कई प्रयासों व घंटों के अभ्यास के बाद वी. शांताराम वैसे शॉट्स अपनी इस अनोखी ट्रॉली से ले पाने में कामयाब हुए जैसे उन्होंने उस जर्मन फिल्म में देखे थे। 

चंद्रसेना बॉम्बे में रिलीज़ होनी थी। रिलीज़ डेट की घोषणा की जा चुकी थी। लेकिन एक चुनौती आ गई। फिल्म की आखिरी कुछ रील्स प्रोसेस्ड तो हो गई थी। मगर वो पूरी तरह सूखी नहीं थी। जबकी फिल्म को जल्द से जल्द रिलीज़ के लिए मुंबई भेजा जाना था। 

ऐसे में वी. शांताराम के पार्टनर विष्णुपंत गोविंद दामले ने एक अनोखा कदम उठाया। उन्होंने ट्रेन का एक थर्ड क्लास डिब्बा पूरा बुक कर लिया। फिर फिल्म को रेल के उस डिब्बे में हर तरफ फैला दिया गया। 

इसका फायदा ये हुआ कि पुणे तक पहुंचते-पहुंचते रील पूरी तरह सूख गई। पुणे में फिल्म को फिर से रोल कर लिया गया। और मुंबई में बिना किसी परेशानी के फ़िल्म रिलीज़ कर ली गई।

"चंद्रसेना" बड़ी हिट साबित हुई। वी. शांताराम के ट्रॉली शॉट्स ने ना सिर्फ दर्शक, बल्कि फिल्म क्रिटिक्स भी बहुत प्रभावित हुए। कैमरे की आगे-पीछे और साइड की मूवमेंट ने सभी को आश्चर्यचकित कर दिया। 

"चंद्रसेना" ने साइलेंट फिल्मों के सभी पुराने रिकॉर्ड्स तोड़ दिए थे। वी. शांताराम व उनके पार्टनर्स "चंद्रसेना" की सफलता का जश्न अभी सही से मना भी नहीं सके थे कि उन्हें एक बुरी खबर मिली। 

आर्देशिर ईरानी ने "आलम आरा" नाम से भारत की पहली टॉकी फिल्म बनाकर रिलीज़ भी कर दी। और समाज के हर वर्ग का दर्शक "आलम आरा" की ही बातें कर रहा था। 

उस ज़माने में किसी सुपरहिट फिल्म का टाइमस्पैन अधिकतम चार सप्ताह माना जाता था। लेकिन "आलम आरा" उससे कहीं ज़्यादा चली थी। प्रभात फिल्म कंपनी के सामने एक नई और बहुत बड़ी चुनौती आ खड़ी हुई। 

तय हुआ कि इस चुनौती से निपटने के लिए एक बड़ी व भव्य साइलेंट फिल्म बनाई जाएगी। लेकिन तभी उन्हें एक और खबर मिली। उसी साल कलकत्ता की एक फिल्म कंपनी ने भी "लैला मजनू" नाम की एक और टॉकी फिल्म रिलीज़ की थी जो बहुत अच्छा बिजनेस कर रही थी। 

टॉकी फिल्मों के प्रति जनता के उस ज़बरदस्त रुझान को देखकर वी. शांताराम का आत्मविश्वास डगमगा गया। उन्हें लगा जैसे उनका सालों का फिल्म मेकिंग का एक्सपीरियंस एक झटके में शून्य हो गया। आखिरकार वी. शांताराम को अहसास हुआ कि अब उन्हें भी नए ज़माने की फिल्मों, यानि टॉकी फिल्मों की तरफ जाना ही होगा।

ये भी पढ़ें- Satyen Kappu | Bollywood का वो जाना-पहचाना चेहरा जिनकी हस्ती से लोग ज़्यादा वाकिफ़ नहीं हैं | Biography

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

Lucky Ali | 90s के Popular Singer लकी अली की कामयाबी और तीन शादियों की पूरी कहानी जानिए | Biography

Salim Khan | Indore का वो हैंडसम नौजवान जो कभी Cricketer बनना चाहता था, लेकिन बन गया नामी Film Writer | Biography

Vimi | वो अभागी Bollywood Actress जिसका अंत बहुत भयानक हुआ | Biography