25 Lesser Known Facts About Hrithik Roshan | ऋतिक रोशन की पच्चीस अनसुनी कहानियां
Hrithik Roshan. बॉलीवुड का वो सूरज जिसकी चमक के आगे दुनिया के बड़े-बड़े सितारे भी ओझल हो जाते हैं। आप ऋतिक से एक्टिंग करा लीजिए, या डांस करा लीजिए। ऋतिक ये दोनों ही काम बखूबी अंजाम देते हैं।
ऊपरवाले ने ऋतिक रोशन को कुछ ऐसी शख्सियत बख्शी है कि जो भी इन्हें एक दफा देख लेता है, उसकी नज़रें इनके ऊपर से हटती नहीं हैं।
पहली फिल्म कहो ना प्यार है के बाद जब ऋतिक की बैक टू बैक कई फिल्में फ्लॉप हुई तो बहुत से लोगों ने कहा कि ये लड़का वन हिट वंडर है। मगर ऋतिक ने ज़बरदस्त कमबैक किया और अपने क्रिटिक्स की बोलती बंद कर दी।
![]() |
25 Lesser Known Facts About Hrithik Roshan - Photo: Social Media |
Hrithik Roshan के चाहने वाले दुनियाभर में आपको मिल जाएंगे। तो आज Hrithik Roshan के उन्हीं Fans के लिए पेश हैं उनकी कुछ अनसुनी और बड़ी ही दिलचस्प कहानियां। और हमें पूरा यकीन है कि आपको भी ऋतिक रोशन की ये कहानियां बहुत पसंद आएंगी।
पहली कहानी
ऋतिक ने पहली दफा कैमरा फेस किया था साल 1980 में आई फिल्म आशा में। इस फिल्म में जितेंद्र और रीना रॉय मुख्य भूमिका में थे। इस फिल्म में एक गीत है जिसके बोल हैं,'जाने हम सड़क के लोगों से, महलों वाले क्यों जलते हैं।'
इसी गीत में एक छोटा सा बच्चा भी ठुमकता हुआ दिखाई देता है। ये बच्चा कोई और नहीं, अपने प्यारे डुग्गू यानि ऋतिक रोशन हैं। और चूंकि ये फिल्म ऋतिक के नाना जे.ओमप्रकाश जी ने बनाई थी तो उन्होने ही ऋतिक को इस गाने में डांस करने के लिए लिया था।
जे.ओमप्रकाश जी ने ऋतिक को इस गाने में ठुमकने के बदले 100 रुपए मेहनताना दिया था। और जानते हैं ऋतिक ने उन सौ रुपए का क्या किया था। ऋतिक ने सौ रुपए की ढेर सारी हॉट व्हील्स कारें खरीदी थी। उस ज़माने में ये कारें छोटे बच्चों का सबसे पसंदीदा खिलौना हुआ करती थी।
दूसरी कहानी
ऋतिक रोशन का रियल सरनेम नागरथ है। जी हां, ऋतिक रोशन के पापा राकेश रोशन और उनके चाचा राजेश रोशन अपने पिता रोशन साहब का नाम अपने नाम के साथ जोड़ते हैं।
रोशन साहब का पूरा नाम था रोशन लाल नागरथ। रोशन लाल नागरथ जी का जन्म अविभाजित भारत के गुजरांवाला में हुआ था।
रोशन लाल नागरथ जी अपने ज़माने के नामी संगीतकार थे। साल 1949 में आई डायरेक्टर किदार शर्मा की फिल्म नेकी और बदी में पहली दफा रोशन साहब ने म्यूज़िक दिया था।
तीसरी कहानी
ऋतिक की स्कूलिंग मुंबई के फेमस बॉम्बे स्कॉटिश स्कूल से हुई है। बॉम्बे स्कॉटिश स्कूल से ही आमिर खान, जॉन अब्राहम, रनबीर कपूर, अभिषेक बच्चन, आदित्य चोपड़ा, एकता कपूर, इमरान खान, लकी अली और उदय चोपड़ा ने भी पढ़ाई की थी।
उदय चोपड़ा तो ऋतिक के क्लासमेट थे। और दोनों बहुत अच्छे दोस्त भी हैं। ऋतिक और उदय चोपड़ा की दोस्ती के चर्चे किसी ज़माने में फिल्म इंडस्ट्री में खूब हुआ करते थे।
चौथी कहानी
ऋतिक के फेवरिट हॉलिडे स्पॉट्स की बात हो तो उन्हें लंदन और थाइलैंट के फुकेत में छुट्टियां बिताना बहुत पसंद है। इसके अलावा जापान भी ऋतिक के पसंदीदा देशों में से एक है।
स्टार बनने के बाद भी ऋतिक को जापान जाने का मौका काफी वक्त तक नहीं मिल सका था। फिलहाल कहा जाता है कि जापान घूमने का अपना सपना ऋतिक कब का पूरा कर चुके हैं।
और आज तो आलम ये है कि जापान में ऋतिक रोशन की तगड़ी फैन फॉलोइंग भी है। ऋतिक-कैटरीना स्टारर बैंग-बैंग को जापान में बहुत पसंद किया गया था।
पांचवी कहानी
अब जो बात ऋतिक के बारे में हम आपको बता रहे हैं उस पर शायद आपको यकीन ना हो। लेकिन ये बात पूरी तरह से सच हैं। चूंकि फरहान अख्तर और ऋतिक रोशन के बीच भी बढ़िया दोस्ती है, तो फरहान जब दिल चाहता है बना रहे थे तब उन्होंने सिड वाला रोल सबसे पहले ऋतिक को ही ऑफर किया था।
जी हां, वही रोल जिसे दिल चाहता है में अक्षय खन्ना ने प्ले किया था। इतना ही नहीं, फरहान ने तो ऋतिक को डॉन फिल्म में काम करने का ऑफर भी दिया था। जो अल्टीमेटली शाहरुख के पास चली गई। हालांकि ऋतिक ने डॉन 2 में फरहान की स्पेशल रिक्वेस्ट पर एक कैमियो ज़रूर किया था।
वैसे कहा तो ये भी जाता है कि आशुतोष गोवारिकर भी स्वदेश में पहले ऋतिक रोशन को ही लेना चाहते थे। जबकी डायरेक्टर राकेश ओमप्रकाश मेहरा भी ऋतिक को रंग दे बसंती फिल्म में सिद्धार्थ वाले रोल के लिए कास्ट करना चाहते थे। हालांकि ये क्लियर नहीं हो सका कि ऋतिक ने क्यों इन सभी फिल्मों में काम नहीं किया।
छठी कहानी
ऋतिक के करियर की बेस्ट मूवीज़ में से एक है क्रिस सीरीज़। क्रिस सीरीज़ की फिल्मों में ऋतिक ने ज़बरदस्त एक्शन किया है। और क्रिस में अपने एक्शन को परफेक्ट बनाने के लिए ऋतिक ने कई महीनों तक हॉन्ग कॉन्ग में जाने-माने एक्शन डायरेक्टर टॉनी चिंग से ट्रेनिंग ली थी। टॉनी चिंग ने शाओलिन सोसर और हाउस ऑफ दि फ्लाइंग डैगर्स जैसी फिल्मों का एक्शन कोरियोग्राफ किया है।
सातवीं कहानी
ऋतिक को स्विस घड़ियां पहनने का बड़ा शौक है। और खासतौर पर स्वाच कंपनी की घड़ियां ऋतिक बहुत पसंद करते हैं। ऋतिक को उनकी पहली स्विस घड़ी सुज़ैन खान ने गिफ्ट की थी।
ये तब की बात है जब ऋतिक और सुज़ैन की शादी भी नहीं हुई थी। और सुज़ैन खान ऋतिक की गर्लफ्रेंड हुआ करती थी। सुज़ैन ने ऋतिक को जो घड़ी दी थी वो स्वाच कंपनी की ही घड़ी थी।
आठवीं कहानी
ऋतिक रोशन अपनी फिटनेस का बड़ा ख्याल रखते हैं। ऋतिक के लुक्स और उनकी फिटनेस उन्हें और ज़्यादा किलर बनाते हैं। लेकिन एक वक्त था जब ज़बरदस्त एक्सरसाइज़ करने वाले ऋतिक भी स्मोकिंग की लत से परेशान थे। उन्होंने सिगरेट छोड़ने की बहुत कोशिश की थी।
लेकिन सिगरेट की लत उनका पीछा नहीं छोड़ रही थी। फाइनली ऋतिक ने ब्रिटिश लेखक एलन क्कार की लिखी इज़ी वे टू क्विट स्मोकिंग पढ़ी। और उस किताब ने ऋतिक पर कुछ ऐसा जादू किया कि अब ऋतिक सिगरेट छूते भी नहीं हैं।
नौंवी कहानी
म्यूज़िक ऋतिक रोशन के खून में है। ऋतिक के दादा रोशन लाल नागरथ फिल्म इंडस्ट्री के रेसपेक्टेड म्यूज़िक डायरेक्टर हुआ करते थे। ऋतिक के चाचा राजेश रोशन ने भी म्यूज़िक इंडस्ट्री में बड़ा मुकाम हासिल किया।
और ऋतिक को भी संगीत की बढ़िया नॉलेज है। ऋतिक बढ़िया गाते भी हैं। और अब तक ऋतिक चार दफा फिल्मों में गा चुके हैं। 2010 में आई काइट्स में ऋतिक ने काइट्स इन दि स्काय सॉन्ग गाया था।
फिर इसी साल यानि 2010 में ही आई गुज़ारिश में ऋतिक ने व्हाट ए वंडरफुल वर्ल्ड सॉन्ग गाया था। 2011 में आई ज़िंदगी ना मिलेगी दोबारा में ऋतिक ने सेनोरिटा सॉन्ग में अपने वोकल्स दिए थे।
2019 में आई सुपर 30 में ऋतिक ने क्वेश्चन मार्क सॉन्ग में अपनी आवाज़ दी थी। और 2022 में तो ऋतिक ने इंडिपेंडेंस डे के मौके पर वंदे मातरम नाम से एक सोलो ट्रैक इंस्टाग्राम पर रिलीज़ किया था।
दसवीं कहानी
ऋतिक की पर्सनैलिटी उनके चार्म को बहुत ज़्यादा बढ़ाती है। ऋतिक अपने अपीयरेंस का बहुत ख्याल रखते हैं। किसी भी पब्लिक प्लेस पर क्या पहनना है, ऋतिक इस पर विशेष ध्यान देते हैं।
इसिलिए ऋतिक का ड्रैसिंग सेंस बेहद कमाल है। ऋतिक ने अपने फैंस को भी यूनिक ड्रैसिंग सेंस देने के लिए अपना खुद का एक क्लॉदिंग ब्रांड लॉन्च किया जिसका नाम है HRx.
11वीं कहानी
ऋतिक ने मुंबई के सिडनैहम कॉलेज से कॉमर्श में ग्रेजुएशन किया है। ऋतिक ने जब ग्रैजुएशन कंप्लीट कर ली तो उनके पेरेंट्स ने उन्हें सलाह दी कि उन्हें आगे पढ़ने के लिए अमेरिका जाना चाहिए।
ऋतिक की मदर पिंकी रोशन तो चाहती थी कि ऋतिक अमेरिका से मैनेजमेंट का कोर्स करें। लेकिन इस वक्त तक ऋतिक फैसला कर चुके थे कि उन्हें तो एक्टर ही बनना है। और इस तरह ऋतिक का अमेरिका पढ़ने जाना कैंसल हो गया।
12वीं कहानी
ऋतिक को प्यार से लोग डुग्गू बुलाते हैं। और ऋतिक को ये नाम उनकी दादी ईरा रोशन जी ने दिया था। दरअसल, ईरा रोशन जी चाहती थी कि वो अपने पोते का प्यार का नाम अपने बेटे गुड्डू यानि राकेश रोशन से मिलता जुलता ही कुछ रखें।
जी हां, ऋतिक के पापा राकेश रोशन का घर का नाम गुड्डू है। ऋतिक की दादी ईरा रोशन जी को डुग्गू नाम बढ़िया लगा और उन्होंने ऋतिक को डुग्गू कहना शुरू कर दिया। ऋतिक भी अपनी दादी ईरा रोशन जी को प्यार से दीदा कहकर पुकारते थे।
13वीं कहानी
ऋतिक के करियर की वन ऑफ दि बेस्ट फिल्म है जोधा अकबर। जोधा अकबर में अकबर के कैरेक्टर को पोर्ट्रे करने से पहले ऋतिक ने काफी तैयारियां की थी। फिल्म शूट होने के बाद जब इसकी डबिंग की जा रही थी तो आशुतोष गोवारिकर के असिस्टेंट करन मल्होत्रा ने ऋतिक को डबिंग से पहले कुछ सजेशन्स दिए थे।
लेकिन ऋतिक को वो सजेशन्स इतने फिज़ूल लगे कि उन्होंने बड़े अक्खड़ ढंग से करन मल्होत्रा के सजेशन्स को ठुकरा दिया। मगर जब ऋतिक ने फाइनल रिकॉर्डिंग खुद सुनी तो उन्हें भी वो पसंद नहीं आई। फाइनली ऋतिक ने करन मल्होत्रा के सजेशन्स के मुताबिक डबिंग की। और तब रिज़ल्ट शानदार आया।
ऋतिक तभी से करन मल्होत्रा के टैलेंट के कद्रदान बन गए। फिर जब करन जौहर ने ऋतिक को बताया कि अग्निपथ के रीमेक में मैं तुम्हें कास्ट करना चाहता हूं। और इसका डायरेक्शन करन मल्होत्रा करेंगे तो ऋतिक फौरन इस फिल्म में काम करने को तैयार हो गए।
14वीं कहानी
सिल्वर स्क्रीन पर ऋतिक रोशन के साथ ऐश्वर्या की जोड़ी को लोगों ने खूब सराहा। इन दोनों ने धूम 2, जोधा अकबर और गुज़ारिश में साथ काम किया था। गुज़ारिश को छोड़ दें तो धूम 2 और जोधा अकबर में ऋतिक और ऐश्वर्या राय की जोड़ी को बहुत ज़्यादा पसंद किया गया था।
धूम 2 में ऋतिक और ऐश्वर्या के किस सीन्स को लेकर कुछ कंट्रोवर्सीज़ भी हुई थी। लेकिन अभी तक ऋतिक ने जिस एक्ट्रेस के साथ सबसे ज़्यादा काम किया है वो हैं करीना कपूर। करीना के साथ ऋतिक ने यादें, मुझसे दोस्ती करोगे, मैं प्रेम की दीवानी हूं और कभी खुशी कभी ग़म में काम किया था। और इनमें सिर्फ कभी खुशी कभी ग़म ही हिट हुई थी।
15वीं कहानी
यूं तो मिस्टर पर्फेक्शनिस्ट का खिताब आमिर खान को दिया जाता है। लेकिन देखा जाए तो ऋतिक भी अपने हर कैरेक्टर पर पूरे परफेक्शन के साथ मेहनत करते हैं।
फिर चाहे वो धूम 2 के लिए रोलर ब्लेडिंग की ट्रेनिंग लेना हो, जोधा अकबर के लिए तलवारबाज़ी सीखना रहा हो। या फिर गुज़ारिश में अपने रोल को रियलिस्टिक बनाने के लिए पैराप्लैजिक पेशेंट्स के साथ काफी वक्त गुज़ारना हो। ऋतिक भी अपने हर कैरेक्टर पर जमकर हार्डवर्क करते हैं।
16वीं कहानी
ऋतिक रोशन ने एक्टिंग से पहले अपने पापा राकेश रोशन के साथ एज़ ए असिस्टेंट डायरेक्टर भी काम किया था। राकेश रोशन की खुदगर्ज़, किंग अंकल, करन-अर्जुन और कोयला में ऋतिक रोशन असिस्टेंट डायरेक्टर थे।
और ऋतिक का मानना है कि उनके पापा की फिल्म किंग अंकल को कभी भी उतना एप्रिसिएशन नहीं मिला, जितना ये फिल्म डिज़र्व करती है।
17वीं कहानी
ऋतिक ने कहो ना प्यार है से डेब्यू किया था। ये तो सब जानते हैं। लेकिन ज़्यादातर लोग ये नहीं जानते कि ऋतिक ने फिज़ा और मिशन कश्मीर कहो ना प्यार है से भी पहले साइन कर ली थी।
और ये भी इत्तेफाक है कि फिज़ा और मिशन कश्मीर दोनों में ही ऋतिक का कैरेक्टर लगभग एक जैसा ही है। एक ऐसा नौजवान लड़का जिसे कुछ लोग बहकाकर आतंकवादी बना देते हैं।
18वीं कहानी
ऋतिक की पहली फिल्म कहो ना प्यार है जब रिलीज़ हुई थी तो इक पल का जीना सॉन्ग में ऋतिक का डांस लोगों को बड़ा पसंद आया था। उस वक्त देशभर के युवा इस सॉन्ग में ऋतिक के किए गए स्टेप्स के दीवाने हो गए थे।
वैसे जानने लायक बात ये है कि कहो ना प्यार है फिल्म में ऋतिक ने सबसे पहले जो सॉन्ग शूट किया था, वो था प्यार की कश्ती में। इस गाने को फराह खान ने कोरियोग्राफ किया था। और, इक पल का जीना को भी फराह खान ने ही कोरियोग्राफ किया था।
19वीं कहानी
यूं तो शूटिंग के वक्त ऋतिक का बॉडी डबल हमेशा मौजूद रहता है। लेकिन ऋतिक रोशन अपनी फिल्मों में अपने स्टंट्स अधिकतर खुद ही परफॉर्म करना पसंद करते हैं।
ज़िंदगी मिलेगी ना दोबारा फिल्म में सांड के सामने भागना, स्काई डाइविंग करना और अंडरवॉटर डाइविंग करना, ये सभी शॉट्स ऋतिक ने खुद शूट किए थे। वैसे, ऋतिक खुद भी एक सर्टिफाइड डाइवर हैं।
20वीं कहानी
कभी खुशी कभी गम फिल्म में ऋतिक ने कॉलेज सीन्स में जो स्लिम फिट स्वेटर पहना था, वो एक वक्त पर फैशन ट्रेंड बन गया था। इन सीन्स में ऋतिक जो स्लिम फिट स्वेटर पहने नज़र आते हैं वो सभी स्लीवलैस हैं।
ऋतिक ने खुद ही इन स्वेटर्स की स्लीव्स काटी थी। और जब ये स्लीवलैस स्लिम फिट स्वेटर्स उस वक्त ट्रेंड बन गए तो ऋतिक ने अपनी वार्डरोब में मौजूद कई शर्ट्स और टी-शर्ट्स की स्लीव्स को कैंची से काटकर अलग कर दिया था।
21वीं कहानी
ऋतिक बॉलीवुड के वो पांचवे स्टार हैं जिनका वैक्स स्टैच्यू मैडम तुसाद म्यूज़ियम में लगाया गया था। ऋतिक से पहले अमिताभ बच्चन, ऐश्वर्या राय, शाहरुख खान और सलमान खान के स्टैच्यूज़ को मैडम तुसाद म्यूज़ियम में जगह दी गई थी।
22वीं कहानी
कहो ना प्यार है की रिलीज़ के बाद रितिक इंडिया के नए डांसिंग सुपरस्टार बन गए थे। वो लोग जो डांस करना और देखना पसंद करते हैं वो ऋतिक की फिल्मों का बेसब्री से इंतज़ार करते हैं।
क्योंकि ऋतिक की लगभग हर फिल्म में कोई ना कोई डांस नंबर तो होता ही है। वैसे, बात अगर ऋतिक के फेवरिट डांसर्स की हो तो ऋतिक को शम्मी कपूर साहब की डांसिंग स्टाइल बहुत पसंद आती है। उनके बाद ऋतिक को माइकल जैक्सन का डांस भी बहुत अच्छा लगता है।
23वीं कहानी
फिल्म सुपर 30 में ऋतिक रोशन ने नोटेबल मैथेमैटिक्स टीचर और एजुकेटर आनंद कुमार का कैरेक्टर प्ले किया था। और ये बात भी बड़ी दिलचस्प है कि ऋतिक को खुद भी मैथ्स बहुत पसंद है।
स्कूल के दिनों से ही मैथ्स ऋतिक का फेवरिट सब्जेक्ट रहा है। कहा जाता है कि एक्टर बनने के बाद भी ऋतिक को जब टाइम मिलता था तो वो मैथ्स के सवाल सॉल्व करते थे।
24वीं कहानी
ऋतिक की ज़िंदगी में एक वक्त ऐसा भी आया था जब उन्हें समझ ही नहीं आ रहा था कि उन्हें ज़िंदगी में क्या करना चाहिए। ऋतिक के पापा को कभी नहीं लगता था कि ऋतिक एक्टर भी बन सकते हैं।
खुद ऋतिक भी अपने आप पर भरोसा नहीं कर पाते थे। एक टाइम तो ऐसा भी था जब ऋतिक ने अपने दोस्त उदय चोपड़ा के साथ अमेरिका जाकर स्पेशल इफैक्ट्स का कोर्स करने की पूरी प्लानिंग कर ली थी।
लेकिन उसी वक्त ऋतिक के पापा राकेश रोशन ने ऋतिक से कहा कि तुम पॉलिटैक्निक कर लो। इससे तुम फ्रिज और एसी रिपेयर करना सीख जाओगे। अगर ज़िंदगी में कुछ ना कर सके तो ये काम तो कर ही लोगे।
ऋतिक भी पॉलिटैक्निक में एडमिशन लेने के लिए लगभग तैयार ही हो गए थे। पर चूंकि ऋतिक की किस्मत में तो एक्टर बनना लिखा था। तो उन्होंने पॉलिटैक्निक कॉलेज में दाखिला लेने का ख्याल छोड़ दिया था।
25वीं कहानी
ऋतिक रोशन ने सुज़ैन खान से शादी की थी, जो उनकी लॉन्गटाइम गर्लफ्रेंड थी। सुज़ैन और ऋतिक के दो बेटे हैं। फिलहाल सुज़ैन और ऋतिक तलाक लेकर अलग हो चुके हैं।
और इन दिनों ऋतिक सबा आज़ाद नाम की एक लड़की को डेट कर रहे हैं। लेकिन ऋतिक को पहली दफा किसी लड़की से मुहब्बत हुई थी उस वक्त जब वो स्कूल में थे।
उस लड़की का नाम था डिंपल। और वो लड़की उनसे एक क्लास सीनियर थी। हालांकि उस लड़की से ऋतिक कभी अपने दिल की बात कह नहीं पाए थे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें