Bollywood Actors Died in 2023 | इस दफा ये सभी कलाकार रुलाकर चले गए
तमाम अच्छी-बुरी यादों के साथ साल 2023 खत्म होने को है। इस साल भारतीय सिनेमा में बहुत कुछ घटा। कुछ बहुत खास फिल्मों ने इस साल बॉक्स ऑफिस पर दस्तक दी। और कुछ बड़े कलाकारों ने अपने जलाल से फिल्म इंडस्ट्री को रोशन किया। कुछ बड़े ही अनोखे एक्टर्स इस साल सिनेमा के शौकीनों से रूबरू हुए। और हमारे कुछ पसंदीदा कलाकार इस साल ये दुनिया छोड़कर अनंत की यात्रा पर निकल पड़े।
![]() |
| Bollywood Actors Died in 2023 - Photo: Social Media |
Meerut Manthan आज उन्हीं कलाकारों की बात इस Article में करेगा। या यूं कह लीजिए कि उन सभी कलाकारों को ससम्मान याद करेगा। Bollywood Actors Died in 2023.
01- जावेद खान अमरोही/Javed Khan Amrohi
साल 2023 की 14 फरवरी को हिंदी सिनेमा के नामी चरित्र अभिनेता जावेद खान अमरोही इस दुनिया से विदा हुए थे। जावेद खान की पैदाइश और परवरिश तो मुंबई में हुई थी। लेकिन इनके पिता यूपी के अमरोहा के रहने वाले थे। जावेद बचपन में क्रिकेटर बनना चाहते थे। बहुत अच्छा क्रिकेट भी खेलते थे। लेकिन किस्मत ने इन्हें फिल्मी दुनिया में पहुंचा दिया।
![]() |
| Javed Khan Amrohi - Photo: Social Media |
वैसे, फिल्मी दुनिया में आने की इनकी कहानी बड़ी ही दिलचस्प है। चूंकि इन्होंने बचपन में उर्दू की तालीम ली थी तो उर्दू ने ही इनके लिए एक्टिंग के दरवाज़े खोल दिए। शुरुआत तो इनकी थिएटर से हुई थी। लेकिन चूंकि ये ज़बरदस्त एक्टिंग करते थे तो यश चोपड़ा ने इन्हें अपनी फिल्म नूरी में फौलाद खान नाम का एक रोल दिया।
ये जावेद खान अमरोही का पहला फिल्मी किरदार था। वैसे, ये बात भी जानने लायक है कि नूरी भले ही इन्होंने सबसे पहले साइन की हो। लेकिन इनकी पहली रिलीज़्ड फिल्म थी साल 1973 में आई जलते बदन। उस फिल्म में ये एक कॉलेज स्टूडेंट बने थे। जावेद खान अमरोही ने सड़क, अंदाज़ अपना अपना, लगान, प्रेम रोग, नरम गरम, हैलो ब्रदर और चक दे इंडिया जैसी ज़बरदस्त फिल्मों में काम किया था। फिल्मों के अलावा जावेद खान अमरोही जी ने टीवी पर भी काफी काम किया था।
02- शाहनवाज़ प्रधान/Shahnawaz Pradhan
2023 की 17 फरवरी को एक्टर शाहनवाज़ प्रधान की मौत की खबर आई। शाहनवाज़ प्रधान ओडिशा के रहने वाले थे और टीवी जगत का बहुत बड़ा नाम हुआ करते थे। सालों पहले दूरदर्शन के बहुत ही चर्चित शो अलिफ लैला में सिंदबाद का किरदार शाहनवाज़ प्रधान जी ने ही निभाया था। वैसे शाहनवाज़ प्रधान जी ने भी एक्टिंग की शुरुआत थिएटर से ही की थी।
![]() |
| Actor Shahnawaz Pradhan - Photo: Social Media |
चूंकि शाहनवाज़ प्रधान का बचपन रायपुर शहर में गुज़रा था तो वहीं पर इन्होंने पहली दफा थिएटर में काम किया था। फिर रायपुर थिएटर जगत में इनका नाम मशहूर होने लगा। इत्तेफाक से इसी दौरान प्रख्यात नाटककार हबीब तनवीर ने शाहनवाज़ प्रधान को थिएटर करते देखा। और वो शाहनवाज़ प्रधान को अपने साथ दिल्ली ले आए।
दिल्ली में लगभग पांच सालों तक शाहनवाज़ प्रधान ने थिएटर किया। उसके बाद फिल्मों में काम करने का इरादा लेकर शाहनवाज़ प्रधान मुंबई पहुंच गए। मुंबई में शुरुआती कुछ महीनों तक इन्होंने भी कड़ा संघर्ष किया। फिर इन्हें जन से जनतंत्र तक नाम के दूरदर्शन के एक शो में पहली दफा काम मिला। फिर तो इनकी गाड़ी चल निकली।
लेकिन इन्हें मकबूलियत मिली रामानंद सागर के मशहूर शो श्री कृष्णा से। उस शो में इन्होंने नंद बादा का रोल निभाया था। बाद में अलिफ लैला में सिंदबाद जहाज़ी के किरदार ने भी इन्हें खूब प्रसिद्धी दिलाई। शाहनवाज़ प्रधान जी ने फैंटम व रईस जैसी कुछेक फिल्मों में भी काम किया था।
03- सतीश कौशिक/Satish Kaushik
09 मार्च 2023 को पूरा देश उस वक्त सकते में रह गया जब हिंदी सिनेमा के नामी एक्टर और डायरेक्टर सतीश कौशिक साहब की मौत की खबर आई। 66 साल की उम्र में सतीश कौशिक जी को हार्ट अटैक की वजह से अपनी जान गंवानी पड़ी। जिस वक्त सतीश कौशिक की मृत्यु हुई थी वो गुड़गांव में थे। जबकी एक या दो दिन पहले ही वो शबाना आज़मी और जावेद अख्तर के साथ होली का जश्न मना रहे थे।
![]() |
| Satish Kaushik - Photo: Social Media |
13 अप्रैल 1956 को सतीश कौशिक का जन्म हरियाणा के महेंद्रगढ़ ज़िले के धनौंदा गांव में हुआ था। सतीश कौशिक को बचपन से ही एक्टिंग का चस्का लग गया था। कॉलेज में आए तो एक्टिंग का वो चस्का जुनून में बदल गया। हालांकि एक्टिंग के इनके जुनून से जब इनके घरवाले वाकिफ हुए तो बड़ा हंगामा भी हुआ था। इनके बड़े भाई ने तो कई दफा इनकी पिटाई कर दी थी। लेकिन ये नहीं माने। और दिल्ली स्थित नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा यानि NSD में दाखिला ले लिया। साल 1983 में आई मासूम फिल्म में इन्होंने पहली दफा एक्टिंग की थी।
04- समीर खाखर/Sameer Khakhar
![]() |
| Actor Sameer Khakhar - Photo: Social Media |
2023 की 15 मार्च को एक्टर समीर खाखर ने भी इस दुनिया को अलविदा कह दिया। समीर खाखर ने कुंदन शाह के नुक्कड़ सीरियल में शराबी खोपड़ी का कैरेक्टर निभाया था। और उनका निभाया खोपड़ी का वो कैरेक्टर बहुत पसंद किया गया था। समीर खाखर ने ढेरों फिल्मों में भी काम किया था। गोविंदा की राजा बाबू में इन्होंने प्रेम चोपड़ा के भोले भाले बेटे अमावस का कैरेक्टर प्ले किया था। उस कैरेक्टर में भी समीर खाखर को बहुत पसंद किया गया था। इसके अलावा कमल हासन की फिल्म पुष्पक में भी इनके काम की बहुत तारीफें हुई थी। समीर खाखर ने सर्कस और श्रीमान श्रीमति टीवी शो में भी काम किया था।
05- नितेश पांडे/Nitesh Pandey
टीवी जगत का बहुत चर्चित नाम हुआ करते थे एक्टर नितेश पांडे। लेकिन 23 मई 2023 को हार्ट अटैक की वजह से नितेश पांडे जी की भी मृत्यु हो गई। नितेश पांडे जी ने कई नामी और सुपरहिट फिल्मों में काम किया था। जैसे, बाज़ी(1995), मेरे यार की शादी है(2002), खोसला का घोंसला(2006), ओम शांति ओम(2007), दबंग 2(2012), मदारी(2016), रंगून(2017) और बधाई हो(2022)।
![]() |
| Actor Nitesh Pandey - Photo: Social Media |
वहीं कई चर्चित टीवी सीरियल्स में भी ये नज़र आए थे। जैसे साया(1998), मंज़िलें अपनी अपनी(2001), जुस्तजू(2002) और अस्तित्व एक प्रेम कहानी(2002)। साल 2010 में सब टीवी पर आए जानखिलावन जासूस नाम के शो में ये लीड रोल में थे। जिस वक्त नितेश पांडे की मृत्यु हुई थी उस वक्त ये अनुपमा नाम के शो में काम कर रहे थे। नितेश पांडे उत्तराखंड के कुमाऊं के रहने वाले थे। 17 जनवरी 1972 को नितेश पांडे का जन्म हुआ था।
06- गूफी पेंटल/Gufi Paintal
05 जून 2023 को हिंदी सिनेमा का बहुत बड़ा नाम रहे एक्टर गूफी पेंटल साहब की मृत्यु हो गई। बीआर चोपड़ा की महाभारत में गूफी पेंटल साहब ने शकुनि मामा का कैरेक्टर प्ले किया था। और उनका निभाया ये कैरेक्टर उन्हें फिल्म इंडस्ट्री में अमर करा गया। 04 अक्टूबर 1944 को गूफी पेंटल साहब का जन्म लाहौर में हुआ था। इनका असली नाम था सरबजीत सिंह पेंटल।
![]() |
| Actor Gufi Paintal - Photo: Social Media |
एक्टर बनने से पहले गूफी पेंटल साहब इंडियन आर्मी में सेवारत थे। 1962 के भारत-चीन युद्ध में इन्होंने भी हिस्सा लिया था। और आर्मी में रहने के दौरान ही इन्होंने रामलीला में सीता का किरदार निभाया था। यूं तो उस वक्त इन्होंने साथी फौजियों के कहने पर रामलीला में हिस्सा ले लिया था। लेकिन जब इनके काम को बहुत तारीफें मिली तो एक्टिंग की तरफ इनकी दिलचस्पी बढ़ने लगी।
इत्तेफाक से इसी दौरान इनके छोटे भाई कंवरजीत पेंटल भी मुंबई में फिल्म इंडस्ट्री में अपनी जगह बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे। भाई को देखकर ये भी सेना की नौकरी छोड़कर मुंबई आ गए। और कड़े संघर्ष के बाद आखिरकार इन्हें भी इनके भाई पेंटल की तरह फिल्म इंडस्ट्री में सफलता मिल गई।
07- मंगल सिंह ढिल्लन/Mangal Singh Dhillon
![]() |
| Mangal Singh Dhillon - Photo: Social Media |
2023 की 11 जून को मशहूर एक्टर मंगल सिंह ढिल्लन जी का भी निधन हो गया। मंगल सिंह ढिल्लन किसी ज़माने में दूरदर्शन का नामी चेहरा हुआ करते थे। इन्होंने कथा सागर, बुनियाद, जुनून, द ग्रेट मराठा और युग जैसे दूरदर्शन के नामी टीवी शोज़ में काम किया था। बात अगर फिल्मों की करें तो इन्होंने पहली दफा रेखा की फिल्म खून भरी मांग में एक्टिंग की थी। उसके बाद दयावान, अपना देश पराए लोग, अम्बा, विश्वात्मा, दिल तेरा आशिक और जानशीन जैसी फिल्मों में भी इन्होंने काम किया था। मंगल सिंह ढिल्लन का जन्म 18 जून 1957 को पंजाब के फरीदकोट में हुआ था। लेकिन 11 जून 2023 को कैंसर की वजह से इनका निधन हो गया।
08- रियो कपाड़िया/Rio Kapadia
A |
| Actor Rio Kapadia - Photo: Social Media |
एक्टर रियो कपाड़िया भी इस साल यानि 2023 की 14 सितंबर को दुनिया छोड़ गए। रियो कपाड़िया का जन्म 1956 को हुआ था। रियो कपाड़िया ने कई फिल्मों व टीवी शोज़ में काम किया था। इन्होंने दिल चाहता है, चक दे इंडिया, हैप्पी न्यू ईयर, एजेंट विनोद जैसी फिल्मों में काम किया था। रियो कपाड़िया जी भी कैंसर का शिकार हो गए थे।
09- बीरबल/Birbal
सतिंदर कुमार खोसला उर्फ बीरबल साहब ने भी इसी साल यानि 23 सितंबर 2023 को इस दुनिया को अलविदा कहा था। बीरबल साहब ने 50 सालों तक फिल्म इंडस्ट्री में काम किया और एक से बढ़कर एक फिल्मों में ये छोटे-मोटे कैरेक्टर्स में नज़र आए। बीरबल जी ने नए व पुराने, लगभग हर फिल्मस्टार के साथ सिल्वर स्क्रीन शेयर की थी।
![]() |
| Actor Birbal - Photo: Social Media |
बीरबल जी का जन्म 29 अक्टूबर 1938 को पंजाब के गुरदासपुर के धारीवाल कस्बे में हुआ था। बीरबल के पिता का प्रिटिंग प्रैस का बिजनेस था। वो चाहते थे कि बीरबल भी उनके काम में उनका हाथ बंटाएं। लेकिन बीरबल जी को अपने पिता का काम कभी पसंद नहीं आता था। वो तो फिल्मों में काम करना चाहते थे।
और पिता को बेवकूफ बनाकर वो अपना सपना पूरा करने मुंबई आए भी। लेकिन इनके पिता को किसी तरह इनके मंसूबों की भनक लग गई। और उन्होंने मुंबई आकर सबके सामने बीरबल जी को थप्पड़ लगाए। हालांकि पिता की बात इन्होंने फिर भी नहीं मानी। और एक्टिंग करने का अपना ख्वाब इन्होंने पूरा करके ही दम लिया।
10- अखिल मिश्रा/Akhil Mishra
21 सितंबर 2023 को एक्टर अखिल मिश्रा भी ये दुनिया छोड़ गए थे। अखिल मिश्रा वही एक्टर हैं जिन्होंने थ्री इडियट फिल्म में लाइब्रेरियन दुबे का कैरेक्टर प्ले किया था। अखिल मिश्रा अपने घर के किचन में गिरकर बुरी तरह घायल हो गए और सिर में लगी चोट की वजह से उनकी मृत्यु हो गई। जिस वक्त अखिल मिश्रा के साथ ये हादसा हुआ था उस वक्त वो घर पर अकेले ही थे। इनकी पत्नी सुज़ैन बर्नर्ट किसी काम से बाहर गई हुई थी।
![]() |
| Actor Akhil Mishra - Photo: Social Media |
इसलिए जब अखिल मिश्रा गिरे तो इन्हें हॉस्पिटल ले जाने वाला कोई नहीं था। और इसी वजह से इनकी जान निकल गई। अखिल मिश्रा कानपुर के रहने वाले थे। अखिल मिश्रा की पहली पत्नी का नाम मंजू मिश्रा था। मंजू मिश्रा भी एक्ट्रसे थी। और उनके साथ इन्होंने कुछ प्रोजेक्ट्स में काम भी किया था। लेकिन साल 1997 में मंजू मिश्रा जी का निधन हो गया था। उसके बाद अखिल मिश्रा ने सुज़ैन बर्नर्ट से शादी कर ली थी। सुज़ैन बर्नर्ट जर्मनी की रहने वाली हैं और वो भी एक्ट्रेस ही हैं।
11- दिनेश फडनीस/Dinesh Phadnis
![]() |
| Actor Dinesh Phadnis CID - Photo: Social Media |
4 दिसंबर को सीआईडी में फ्रैडरिक का कैरेक्टर प्ले करने वाले एक्टर दिनेश फडनीस जी भी लिवर से संबंधित बीमारियों की वजह से अकाल काल का ग्रास बन गए। दिनेश फडनीस सीआईडी टीम का अभिन्न हिस्सा थे। दिनेश फडनीस का जन्म 2 नवंबर 1966 को बिहार में हुआ था। सीआईडी में काम करने से पहले दिनेश फडनीस कुछ और एक्टिंग प्रोजेक्ट्स में भी दिखे थे। लेकिन उन्हें असली पहचान सीआईडी से ही मिली थी।
12- जूनियर महमूद/Junior Mehmood
![]() |
| Actor Junior Mehmood - Photo: Social Media |
बीती आठ दिसंबर को एक वक्त के फिल्म इंडस्ट्री के सबसे महंगे चाइल्ड स्टार रहे जूनियर महमूद भी ये दुनिया छोड़ गए। जूनियर महमूद का असली नाम नईम सैयद था। लेकिन चूंकि महमूद साहब ने इन्हें अपना शागिर्द बना लिया था तो उन्होंने ही इन्हें जूनियर महमूद नाम दिया था। जूनियर महमूद का फिल्मी सफर बहुत शानदार रहा। इन्होंने एक से बढ़कर फिल्मों में काम किया। और अपने दौर के हर बड़े स्टार के साथ सिल्वर स्क्रीन शेयर की। लेकिन पेट के कैंसर के चलते आठ दिसंबर 2023 को जूनियर महमूद का निधन हो गया।








A



टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें